खेल जगतभारत

कोई मामा चाचा का रिश्ता तो है नहीं…गंभीर-हर्षित राणा के बचाव में उतरा पूर्व क्रिकेटर

नई दिल्ली. भारतीय टीम के कोच गौतम गंभीर बैटिंग ऑर्डर में मनमाने बदलाव, स्पेशलिस्ट बोलर्स के ऊपर ऑलराउंडर्स को तरजीह देने के अलावा अगर किसी बात के लिए चर्चा में रहते हैं तो वो है हर्षित राणा को लगातार मौके देने के लिए। टी20 के बाद अब वह राणा को वनडे में भी आजमा रहे हैं। इसे लेकर सोशल मीडिया पर तमाम मीम्स बनते हैं। गंभीर पर पक्षपात के आरोप लगते हैं। आंकड़ों में राणा से भी दमदार युवा गेंदबाजों को मौका नहीं मिलने और केकेआर के इस गेंदबाज को लगातार मौके मिलने को लेकर सवाल उठते रहे हैं। आलोचक गंभीर और राणा दोनों के कोलकाता नाइट राइडर्स से कनेक्शन को आधार बनाकर आरोप लगाते हैं। इस बीच पूर्व क्रिकेटर और केकेआर में गंभीर के साथ खेल चुके विकेटकीपर बल्लेबाज मनविंदर बिसला ने भारतीय कोच का पुरजोर बचाव किया है।

बिसला ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा कि सोशल मीडिया पर पक्षपात का नैरेटिव इस आधार पर बनाया गया है कि राणा और गंभीर दोनों ही केकेआर के सेटअप का हिस्सा रहे हैं। बिसला ने पक्षपात के आरोपों को खारिज करते हुए आलोचकों को हर्षित राणा के प्रदर्शन पर गौर करने की नसीहत दी है। उन्होंने कहा कि गौतम गंभीर और हर्षित राणा रिश्तेदार थोड़े हैं। कोई चाचा, मामा तो है नहीं।

बिसला ने कहा, ‘जो हर्षित राणा का विरोध कर रहे हैं वे निश्चित तौर पर केकेआर के फैन नहीं हैं। मैं ये ईमानदारी से कह रहा हूं। हर कोई इसे इस रूप में जोड़ रहा है कि गौतम का केकेआर बैकग्राउंड है और इसलिए वह हर्षित का सपोर्ट कर रहे हैं। कोई मामा चाचा का रिश्ता तो है नहीं। हर कोई सोचता है कि इसमें केकेआर का ही एंगल होगा।’

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में हर्षित राणा के दमदार प्रदर्शन की तारीफ करते हुए बिसला ने कहा कि उसका दमदार प्रदर्शन रोहित शर्मा और विराट कोहली के प्रदर्शन में कहीं दबकर रह गया। उन्होंने कहा, ‘भारत ने ऑस्ट्रेलिया को सिडनी में हराया। सोशल मीडिया पर हर इन्फ्लुएंस ने चाहे वे क्रिकेटर हों, गैरक्रिकेटर हों, हर किसी ने RoKo (रोहित शर्मा और विराट कोहली) के बारे में बात की। क्या किसी ने हर्षित के बारे में बात की? अगर उसने नींव नहीं रखी होती तो क्या वो मुमकिन होता? हो सकता है कि रो-को तब भी हमारे लिए मैच जिता देते लेकिन किसी और ने मैच को सेट किया। अगर किसी ने हर्षित के बारे में वीडियो बनाया होता तो क्या उसे उतने व्यूज मिलते?’

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे और टी20 सीरीज में हर्षित राणा भारत की तरफ से सबसे सफल गेंदबाजों में थे। दूसरे मैच में तो उन्होंने बल्ले से भी अपना जौहर दिखाया जब उन्होंने 33 गेंद में 35 रन की पारी खेली। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे में भारत की जीत में उनकी बड़ी भूमिका रही। उन्होंने मैच में 4 विकेट हासिल किए थे।

Show More

Related Articles

Back to top button