SA20 में सौरव गांगुली की कोचिंग वाली टीम को मिली लगातार दूसरी हार, सनराइजर्स ने 48 रनों से हराया

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने साउथ अफ्रीका टी20 लीग 2025-26 से कोच के रूप में अपने करियर का आगाज किया है। लीग में वह प्रिटोरिया कैपिटल्स के मुख्य कोच हैं। गांगुली की बतौर हेड कोच पारी की शुरुआत अच्छी नहीं रही है। उनकी टीम प्रिटोरिया को लगातार दूसरे मैच में हार का सामना करना पड़ा है। प्रिटोरिया कैपिटल्स को दूसरे मुकाबले में सनराइजर्स इस्टर्न कैप से हार का सामना करना पड़ा है।
प्रिटोरिया कैपिटल्स और सनराइजर्स इस्टर्न कैप के बीच सोमवार को ग्केबेरहा में मुकाबला खेला गया। सनराइजर्स इस्टर्न कैप ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला लिया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए सनराइजर्स ने क्विंटन डी कॉक और मैथ्यू ब्रीट्जके की तूफानी अर्धशतकीय पारियों की बदौलत 6 विकेट के नुकसान पर 188 रन बनाए।
पारी की शुरुआत करने उतरे क्विंटन डी कॉक ने 47 गेंद पर 6 छक्कों और 5 चौकों की मदद से 77 रन बनाए। मैथ्यू ब्रीट्जके तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए थे। उन्होंने 33 गेंद पर 1 छक्का और 7 चौकों की मदद से 52 रन की पारी खेली। डी कॉक और मैथ्यू ब्रीट्जके के बीच दूसरे विकेट के लिए 116 रन की साझेदारी हुई। इसी साझेदारी की बदौलत टीम 188 तक पहुंच पाई। जॉर्डन हरमन ने भी 20 गेंद पर 1 छक्का और 5 चौकों की मदद से 37 रन बनाए। प्रिटोरिया कैपिटल्स के लिए टाइमल मिल्स ने 2, और लुंगी एंगिडी, विहान लुबे, और ब्रायस पार्संस ने 1-1 विकेट लिए।
189 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी प्रिटोरिया को पहला झटका ब्रायस पार्संस के रूप में 3 के स्कोर पर लगा। वह 1 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद विल स्मीड और शाई होप ने दूसरे विकेट के लिए 47 रन की साझेदारी कर पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन इन दोनों के आउट होने के बाद कोई बल्लेबाज क्रीज पर टिक नहीं सका। पूरी टीम 18 ओवर में 140 रन पर सिमट गई और 48 रन से मैच हार गई।
विल स्मीड ने 27 गेंद पर 35 और होप ने 19 गेंद पर 36 रन बनाए। 7 बल्लेबाज 2 अंकों में नहीं जा सके। सनराइजर्स के लिए एडम मिल्ने ने 4, थारिंदु रथ्नायके ने 2, जबकि मार्को यानसेन, सेनुरन मुथुसामी और लेविस ग्रेगोरी ने 1-1 विकेट लिए। क्विंटन डी कॉक को शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।



