ई-रिक्शा से गूंजा उपभोक्ता जागरूकता का संदेश, रायपुर में चला जनजागरूकता अभियान

बिल लेने, मिलावट से बचने और साइबर ठगी के प्रति सतर्क रहने का दिया संदेश
रायपुर । अखिल भारतीय उपभोक्ता उत्थान संगठन, रायपुर इकाई द्वारा 21 एवं 22 सितंबर को उपभोक्ता अधिकारों के प्रति आम लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष जन जागरूकता अभियान चलाया गया। ई-रिक्शा के माध्यम से शहर के विभिन्न प्रमुख क्षेत्रों में पहुंचकर संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने नागरिकों और व्यापारियों से सीधा संवाद किया तथा पंपलेट वितरित कर उपभोक्ता अधिकारों की जानकारी दी।
अभियान की शुरुआत सदर बाजार से हुई। इसके बाद बूढ़ा तालाब, पुरानी बस्ती, लाखे नगर, गोल चौक और भारत माता चौक होते हुए जागरूकता रैली रायपुर रेलवे स्टेशन पहुंची, जहां अभियान का समापन किया गया।
अभियान के दौरान लोगों को खरीदारी करते समय बिल अवश्य लेने की सलाह दी गई। संगठन के कार्यकर्ताओं ने बताया कि बिल खरीदारी का महत्वपूर्ण प्रमाण होता है और किसी वस्तु में खराबी, धोखाधड़ी अथवा शिकायत की स्थिति में यह उपभोक्ता के लिए उपयोगी साबित होता है।
इसके अलावा नागरिकों को खाद्य पदार्थों में मिलावट के प्रति भी जागरूक किया गया। दूध, मिठाई, तेल, मसाले, पनीर सहित अन्य खाद्य सामग्री खरीदते समय गुणवत्ता और पैकिंग की जांच करने तथा मिलावट की आशंका होने पर संबंधित विभाग को सूचना देने की अपील की गई।
अभियान में दुकानदारों को भी नाप-तौल में पारदर्शिता बनाए रखने तथा माप-तौल उपकरणों का निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सत्यापन कराने के लिए जागरूक किया गया। संगठन ने कहा कि उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए बाजार में पारदर्शिता और सही माप-तौल सुनिश्चित करना आवश्यक है।
साइबर ठगी से बचाव को लेकर भी लोगों को महत्वपूर्ण सावधानियां बताई गईं। नागरिकों से कहा गया कि वे किसी अनजान व्यक्ति को अपना मोबाइल न दें, OTP, PIN या अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें तथा संदिग्ध लिंक और अनजान संदेशों से सावधान रहें। साइबर ठगी होने की स्थिति में तत्काल संबंधित विभाग अथवा पुलिस को सूचना देने की अपील की गई।
यह अभियान संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं प्रेरणास्रोत श्री हरिशंकर शुक्ल, राष्ट्रीय महासचिव श्री चितरंजन कुमार पर्वत, प्रदेश अध्यक्ष श्री खुलेश वर्मा एवं प्रदेश कोषाध्यक्ष श्री शैलेश चौधरी के मार्गदर्शन तथा रायपुर जिला अध्यक्ष श्री दुर्गेश वर्मा के तत्वावधान में आयोजित किया गया।
अभियान में प्रदेश अध्यक्ष श्री खुलेश वर्मा, रायपुर जिला अध्यक्ष श्री दुर्गेश वर्मा, महिला जिला अध्यक्ष श्रीमती सविता मौर्या, महिला जिला महासचिव श्रीमती मंजू जायसवाल, महिला जिला कोषाध्यक्ष श्रीमती मैरी फ्रांसीसी, टोमन दास बंजारे, केयर भूषण यादव, विश्वनाथ सोनवानी, घनश्याम वर्मा, लोमष निषाद, रोहित वर्मा, दिनेश वर्मा, रामेश्वर साहू सहित संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
संगठन का संदेश:
“जागरूक हो उपभोक्ता, हमेशा रहे सुख भोगता।”



