खेल जगत

टेस्ट डेब्यू करने की खुशी सिर्फ 4 गेंदों में मायूसी में बदली, साई सुदर्शन से हुई बड़ी गलती; 14 साल बाद हुआ ऐसा

साई सुदर्शन को घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में शानदार प्रदर्शन का इनाम शुक्रवार को इंग्लैंड के खिलाफ मिला है, जब उन्हें भारत के लिए टेस्ट में डेब्यू करने का मौका मिला। लीड्स में खेले जा रहे पहले मैच में भारत के दिग्गज चेतेश्वर पुजारा ने साई सुदर्शन को भारतीय कैप सौंपी। वह भारत के लिए टेस्ट खेलने वाले 317वें खिलाड़ी बने। हालांकि साई सुदर्शन के डेब्यू करने की खुशी ज्यादा देर तक रह नहीं सकी, क्योंकि वह सिर्फ चार गेंद खेलकर ही पवेलियन लौट गए। इसके साथ ही उनका नाम उन खिलाड़ियों की सूची में जुड़ गया है, जो पहली टेस्ट पारी में शून्य पर आउट हुए हो।

साई सुदर्शन को अपने पहले टेस्ट रन के लिए थोड़ा और इंतजार करना होगा। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल के बीच 91 रनों की साझेदारी की बदौलत दमदार शुरुआत की। राहुल के आउट होने के बाद साई सुदर्शन क्रीज पर उतरे। उनसे टीम को अच्छी पारी की उम्मीद थी। क्योंकि हाल ही में समाप्त हुए आईपीएल 2025 में वह शानदार फॉर्म में थे और घरेलू क्रिकेट में भी अच्छा प्रदर्शन करके टीम में शामिल हुए थे।

हालांकि पहले दिन लंच से ठीक पहले साई सुदर्शन को बेन स्टोक्स ने आउट कर दिया। साई सुदर्शन सिर्फ चार गेंद खेल सके। स्टोक्स ने साई सुदर्शन के पैड पर निशाना बचाया, जिस पर सुदर्शन फ्लिक करने का प्रयास कर रहे थे लेकिन तीसरी गेंद पर आउट होने से बच गए। हालांकि चौथी गेंद को भी स्टोक्स ने उसी लाइन पर रखा, जिसे खेलने के प्रयास में साई विकेटकीपर को आसान कैच थमा बैठे।

पहली टेस्ट पारी में जीरो पर आउट होने वाले साई सुदर्शन 29वें भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। वहीं साल 2000 के बाद से टेस्ट की पहली पारी में बिना खाता खोले आउट होने वाले छठे बल्लेबाज बने। इससे पहले 2011 में उमेश यादव अपनी पहली टेस्ट पारी में जीरो पर आउट हुए थे।

Show More

Related Articles

Back to top button