बेहतर गट हेल्थ के लिए काम आएंगी ये 3 जड़ी-बूटियां, डायटीशियन ने बताया कैसे खाएं

आजकल खराब खानपान और बिजी लाइफस्टाइल के कारण ज्यादातर लोग पाचन से जुड़ी समस्या से जूझ रहे हैं। इन समस्याओं से बचने का सबसे अच्छा तरीका है गट हेल्थ को बेहतर बनाना। गट हेल्थ का मतलब है छोटी और बड़ी आंत का ठीक से काम करना। जब गट हेल्थ ठीक होती है तो पाचन तंत्र आपके द्वारा खाए गए पोषक तत्वों को अच्छे से अवशोषित करता है। बेहतर गट हेल्थ के लिए डायटिशियन श्वेता जे. पांचाल ने 3 जड़ी-बूटियों के बारे में बताया है। आप भी जानिए-
गट हेल्थ के लिए बेहतरीन जड़ी-बूटियां
हल्दी पाउडर
हल्दी अपने करक्यूमिन यौगिक के कारण गट हेल्थ के लिए फायदेमंद हो सकती है। यह सूजन को कम करने और पाचन में सुधार करने में मदद कर सकती है। एक्सपर्ट कहती हैं कि आंत की सूजन को कम करने के लिए अपने दिन की शुरुआत हल्दी से करें। आप इसे अपने ब्रेकफास्ट में शामिल करें। जैसे आप इसे डोसा, चीला या फिर मसाला ओट्स में मिला सकते हैं।
मोरिंगा पाउडर
मोरिंगा पाउडर गट हेल्थ के लिए फायदेमंद हो सकता है। इसमें फाइबर की मात्रा ज्यादा होती है, जो पाचन में मदद करती है। एक्सपर्ट कहती हैं कि अपने आंत के बैक्टीरिया को संतुलित करने के लिए शाम की स्मूदी में मोरिंगा पाउडर मिलाएं।
सौंफ के बीज
सौंफ के बीज गट हेल्थ के लिए बहुत फायदेमंद होते हैं। इनमें ऐसे गुण होते हैं जो पाचन को बेहतर बनाते हैं, सूजन को कम करते हैं, और आंतों के स्वास्थ्य को बढ़ावा देते हैं। एक्सपर्ट रात के खाने के बाद सौंफ के बीज चबाने की सलाह देती हैं। उनका कहना है कि इससे पेट फूलने और पाचन से जुड़ी दिक्कत से निपटा जा सकता है।
बेहतर गट हेल्थ के लिए एक्सपर्ट की सलाह
जो लोग अपनी गट हेल्थ के कारण परेशान हैं उन्हें आंत की गतिशीलता को बेहतर बनाने के लिए रात के खाने के बाद 10-15 मिनट टहलना चाहिए।



