ग्रेटर नोएडा में एक ही परिवार के 5 लोगों की संदिग्ध मौत, घर में मचा हड़कंप

ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा से सनसनीखेज मामला सामने आया है। रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र के नंगला श्रीगोपाल गांव में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतकों में पति-पत्नी और उनके तीन बच्चे शामिल हैं। घटना की जानकारी सामने आने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
मृतकों की पहचान महेश, उनकी पत्नी ललिता, बेटे लड्डू और बेटियों मिस्टी व साक्षी के रूप में हुई है। एक साथ पांच लोगों की मौत की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जहर खाने की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में मामला जहरीला पदार्थ खाने का प्रतीत हो रहा है। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि परिवार के सदस्यों ने खुद जहर खाया या उनकी मौत के पीछे कोई अन्य वजह है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घर की जांच की और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि परिवार किसी आर्थिक परेशानी, कर्ज या किसी अन्य दबाव में तो नहीं था।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए
पुलिस ने सभी पांच शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह और एसीपी जेवर ने भी मौके का जायजा लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़े सभी तथ्यों का खुलासा किया जाएगा।



