संसद के विशेष सत्र से पहले कांग्रेस का अलर्ट, सभी सांसदों को 29 नवंबर तक दिल्ली पहुंचने का निर्देश

नई दिल्ली | संसद के प्रस्तावित विशेष सत्र से पहले कांग्रेस ने अपने सांसदों को दिल्ली पहुंचने का निर्देश दिया है। पार्टी ने सभी सांसदों से 29 नवंबर को सुबह 10 बजे तक राजधानी में मौजूद रहने को कहा है। माना जा रहा है कि कांग्रेस आगामी सत्र को लेकर अपनी संसदीय रणनीति तैयार करने में जुटी है।
30 नवंबर से शुरू हो सकती है संसद की बैठक
केंद्र सरकार की ओर से 30 नवंबर को लोकसभा और 2 दिसंबर को राज्यसभा की बैठक बुलाने का प्रस्ताव दिया गया है। दोनों सदनों की कार्यवाही 3 दिसंबर तक चलने की संभावना है। इस दौरान परिसीमन से जुड़े प्रस्ताव और महिला आरक्षण से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक पर चर्चा होने की संभावना जताई जा रही है।
विशेष सत्र को लेकर कांग्रेस ने बुलाई रणनीतिक बैठक
संसद की आगामी कार्यवाही को लेकर कांग्रेस ने अपनी संसदीय रणनीति समूह की बैठक भी बुलाई है। पार्टी पहले ही विशेष सत्र बुलाने के सरकार के फैसले पर सवाल उठा चुकी है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने इस कदम को संविधान पर हमला बताया है।
NCP ने सांसदों के लिए जारी किया व्हिप
वहीं, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) ने भी अपने सांसदों को संसद के सत्र के दौरान सदन में उपस्थित रहने का निर्देश दिया है। पार्टी की ओर से जारी व्हिप में सभी सांसदों को कार्यवाही के दौरान मौजूद रहने को कहा गया है। यह व्हिप सांसद अमोल कोल्हे की ओर से जारी किया गया है।
संसद के प्रस्तावित विशेष सत्र को लेकर विपक्षी दलों की तैयारियां तेज हो गई हैं। परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े मुद्दों पर सत्र के दौरान राजनीतिक बहस तेज होने के आसार हैं।



