भारत

ईडन गार्डन्स की पिच की हालत देख शुभमन गिल से नहीं रहा गया, क्यूरेटर को बुलाकर की लंबी बातचीत

नई दिल्ली. दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दो टेस्ट मैच की सीरीज का पहले मैच शुक्रवार से कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेला जाएगा। मंगलवार को भारतीय टीम के कुछ खिलाड़ियों ने प्रैक्टिस सेशन में हिस्सा लिया। कप्तान शुभमन गिल जब पिच देखने पहुंचे तो उसकी हालत देख उनसे रहा नहीं गया। पिच पर कई दिनों से पानी नहीं पड़ा था। वह सूखी और सख्त थी। गिल ने तुरंत पिच क्यूरेटर सुजान मुखर्जी को बुलाया और उनसे लंबी बातचीत की। बाद में क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (CAB) के प्रमुख और पूर्व कप्तान सौरव गांगुली भी क्यूरेटर के साथ खुद पिच का मुआयना किया।

न्यूज एजेंसी पीटीआई की एक रिपोर्ट के मुताबिक मंगलवार को भारतीय कप्तान शुभमन गिल और गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल ने उस पिच का मुआयना किया, जिस पर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहला टेस्ट खेला जाना है। पिच देखने के बाद दोनों का जो एक्सप्रेशन था, हावभाव था उससे यही संकेत मिलता है कि वे संतुष्ट नहीं थे। मैनेजमेंट पिच की सतह से पूरी तरह खुश नहीं है।

शुभमन गिल ने पिच की हालत देखकर क्यूरेटर सुजान मुखर्जी को बुलाया। दोनों के बीच 15 मिनट तक बातचीत चली। पिच बिल्कुल सूखी, सख्त और भूरे रंग की दिख रही थी। उस पर कुछ जगहों पर घास की हल्की पैच भी दिख रही थी। पिच को पिछले एक हफ्ते से बिना पानी दिए छोड़ा गया है।

बाद में शाम को दक्षिण अफ्रीकी टीम ने भी ईडन गार्डन्स में प्रैक्टिस किया और उनका जोर स्पिन गेंदबाजी के खिलाफ अभ्यास पर रहा। शाम को ही सौरव गांगुली भी मैदान में पहुंचे और उन्होंने खुद पिच का मुआयना किया और बाद में क्यूरेटर सुजान से चर्चा की। मुख्य पिच तब भी सूखी हुई थी लेकिन ग्राउंड्समेन ने आस-पास में पानी जरूर छिड़कर रखा था। गांगुली पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं भारतीय टीम ने स्पिनरों के लिए मददगार पिच समेत कोई गुजारिश नहीं की है।

मंगलवार को भारतीय टीम के प्रैक्टिस सेशन के बाद पिच क्यूरेटर सुजान मुखर्जी ने अंग्रेजी वेबसाइट इंडिया टुडे से बातचीत में कहा कि पिच अच्छी होगी। ये एक अच्छा स्पोर्टिंग विकेट होगा।

भारतीय टीम ने मंगलवार को करीब 3 से 4 घंटे तक प्रैक्टिस की। इसमें सिर्फ 7 खिलाड़ी शामिल हुए। ऋषभ पंत, ध्रुव जुरेल, केएल राहुल, मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव, आकाश दीप, देवदत्त पड्डीकल और अक्षर पटेल ने इसमें हिस्सा नहीं लिया।

Show More

Related Articles

Back to top button