हमर छत्तीसगढ़

ED कोर्ट में सौम्या चौरसिया: शराब घोटाले की फाइल फिर खुलेगी.. 2880 करोड़ का सच

रायपुर. बहुचर्चित शराब घोटाले में पूर्व मुख्यमंत्री की उपसचिव रह चुकी सौम्या चौरसिया की आज ईडी कोर्ट में पेशी होगी। 14 दिन की न्यायिक रिमांड पूरी होने के बाद यह पेशी अहम मानी जा रही है, क्योंकि इसी केस में अब जांच ट्रायल की ओर बढ़ चुकी है। ईडी ने सौम्या चौरसिया को 16 दिसंबर को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद तीन दिन की कस्टोडियल रिमांड और फिर न्यायिक हिरासत में भेजा गया। शुक्रवार को उन्हें कोर्ट में पेश किया गया था, जहां से 14 दिन की न्यायिक रिमांड मिली थी, जो अब खत्म हो चुकी है।

सौम्या चौरसिया के बयान के आधार पर ईडी ने ईओडब्ल्यू केस में पहले से बंद निलंबित IAS और पूर्व आबकारी आयुक्त निरंजन दास को भी गिरफ्तार किया है। निरंजन दास को कल कोर्ट में पेश किया जाएगा, जिससे मामले में और खुलासों की संभावना बढ़ गई है। ईडी इस मामले में फाइनल चार्जशीट पहले ही पेश कर चुकी है, जिसमें 2880 करोड़ रुपये की अवैध कमाई का खुलासा किया गया है। अब इस मामले में ट्रायल होना है, हालांकि अभी ट्रायल की तारीख तय नहीं की गई है।

छत्तीसगढ़ शराब घोटाले की जांच ईडी द्वारा की जा रही है। ईडी ने एसीबी में एफआईआर दर्ज कराई थी, जिसमें 3200 करोड़ रुपये से ज्यादा के घोटाले का दावा किया गया है। जांच में सामने आया कि तत्कालीन सरकार के कार्यकाल में IAS अनिल टुटेजा, आबकारी विभाग के एमडी एपी त्रिपाठी और कारोबारी अनवर ढेबर के कथित सिंडिकेट के जरिए पूरे घोटाले को अंजाम दिया गया।  घोटाले में राजनेताओं, आबकारी विभाग के अधिकारियों और कारोबारियों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज है। ईडी अब मनी ट्रेल, कमीशन नेटवर्क और फैसलों की जिम्मेदारी तय करने की दिशा में आगे बढ़ रही है।

Show More

Related Articles

Back to top button