शिक्षा की दुनियाहमर छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में 6,812 शिक्षकीय पदों पर भर्ती, परीक्षा की तारीखें जारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ के शासकीय और स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया जारी है। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा कुल 6,812 शिक्षकीय पदों को भरने की तैयारी की जा रही है। इनमें शासकीय विद्यालयों के नियमित पदों के साथ स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालयों के संविदा पद भी शामिल हैं।

लोक शिक्षण संचालनालय के अनुसार शासकीय विद्यालयों में 5,000 नियमित शिक्षकीय पदों पर सीधी भर्ती परीक्षा छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल के माध्यम से आयोजित की जाएगी। इनमें सहायक शिक्षक के 2,292, सहायक शिक्षक विज्ञान (प्रयोगशाला) के 200, शिक्षक के 1,654 और व्याख्याता के 854 पद शामिल हैं। नियमित भर्ती के कुल पदों में ई-संवर्ग के 2,227 और टी-संवर्ग के 2,773 पद हैं।

अलग-अलग पदों के लिए तय हुई परीक्षा तिथियां

भर्ती प्रक्रिया के तहत सहायक शिक्षक पद की लिखित परीक्षा 11 अक्टूबर 2026 को आयोजित की जाएगी। वहीं शिक्षक पद के लिए परीक्षा 25 अक्टूबर 2026 और व्याख्याता पद की परीक्षा 29 नवंबर 2026 को होगी। सहायक शिक्षक विज्ञान (प्रयोगशाला) पद के लिए परीक्षा की तारीख फिलहाल निर्धारित नहीं की गई है।

सहायक शिक्षक और शिक्षक पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। वहीं व्याख्याता पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया जल्द शुरू किए जाने की तैयारी है।

आत्मानंद स्कूलों में 1,812 संविदा पद

स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में 1,812 संविदा शैक्षणिक पदों पर भी भर्ती की जाएगी। विभाग द्वारा इन पदों के लिए पहली बार केंद्रीकृत कंप्यूटर आधारित भर्ती परीक्षा आयोजित करने की तैयारी की जा रही है। भर्ती की अधिसूचना सितंबर में जारी किए जाने और ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया अक्टूबर से शुरू करने की तैयारी है।

शिक्षा विभाग का उद्देश्य प्रतियोगी परीक्षाओं के माध्यम से योग्य अभ्यर्थियों का चयन कर शासकीय एवं उत्कृष्ट विद्यालयों में शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करना और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना है।

Show More

Related Articles

Back to top button