भारत से बंध गया इस पल्सर बाइक का बोरिया-बिस्तर, बजाज ने दी विदाई; ऑफिशियल वेबसाइट से हटाया

बजाज ऑटो की पल्सर लाइनअप भारतीय मार्केट में सबसे पॉपुलर मोटरसाइकिल ब्रांड्स में से एक रही है। लॉन्च के बाद से ही बजाज ने पल्सर के साथ भारत के प्रीमियम कम्यूटर सेगमेंट में अपना दबदबा कायम रखा है। हालांकि, सभी पल्सर को ग्राहकों का एक जैसा रिस्पांस नहीं मिलता। ऐसी ही एक बाइक पल्सर N150 है जिसे अब बजाज की ऑफिशियल वेबसाइट से हटा दिया गया है। आइए इस पर करीब से नजर डालते हैं।
आधी रह गई बाइक की बिक्री
बजाज के लाइनअप में पहले दो 150cc पल्सर हुआ करती थीं। इनमें क्लासिक पल्सर 150 और पल्सर N150 शामिल हैं। अगर बिक्री की बात करें तो मई, 2025 में बजाज ने भारत में 15,937 150cc पल्सर बेचीं जिनमें क्लासिक पल्सर 150 और पल्सर N150 दोनों शामिल हैं। वहीं, मई 2024 में बेची गई 29,386 यूनिट की तुलना में बिक्री साल-दर-साल लगभग आधी हो गई।
क्या रही वजह
दूसरी ओर बजाज ने इसी दौरान 160cc पल्सर की 22,372 यूनिट्स बेचीं जिसमें पल्सर N160 और पल्सर NS160 शामिल हैं। यह दिखाता है कि खरीदार 150cc पल्सर की तुलना में 160cc पल्सर की ओर अधिक रुझान दिखा रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 150cc पल्सर की उन 15,937 यूनिट्स में क्लासिक पल्सर 150 ने पल्सर N150 की तुलना में ज्यादा योगदान दिया है जिसने बजाज को भारतीय मार्केट से पल्सर N150 को वापस लेने के लिए मजबूर किया होगा।
कुछ ऐसा है पावरट्रेन
पावरट्रेन की बात करें तो पल्सर N150 में 149.68cc का सिंगल-सिलेंडर एयर-कूल्ड इंजन लगा है जो 14.3bhp की अधिकतम पावर और 13.5Nm का पीक टॉर्क जेनरेट करने में सक्षम है। यह इंजन 5-स्पीड गियरबॉक्स से जुड़ा था। इसमें सिंगल-चैनल ABS, 17-इंच के अलॉय व्हील्स पर लिपटे 90-सेक्शन फ्रंट एंड 120-सेक्शन रियर टायर और फुली डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर जैसे फीचर्स मौजूद हैं।



