पाकिस्तान में भीषण विस्फोट, उड़ गया आस-पास का इलाका, 20 लोगों की मौत कंफर्म

पाकिस्तान के फैसलाबाद में शुक्रवार सुबह एक जोरदार विस्फोट हुआ. गैस रिसाव के कारण हुई भीषण स्टीमर विस्फोट में कम से कम 20 लोगों की मौत हो गई और सात अन्य घायल हो गए. मृतकों में एक ही परिवार के सात सदस्य भी शामिल थे. डॉन के अनुसार यह धमाका क्रिस्टल केमिकल फैक्ट्री में हुआ, जिसने मलिकपुर क्षेत्र में स्थित आसपास की चार औद्योगिक इकाइयों और नौ मकानों को भी ध्वस्त कर दिया. अधिकारियों ने बताया कि मरने वालों में अधिकांश पास के घरों के निवासी थे, जिनमें छह बच्चे शामिल हैं.
यह एक गोंद बनाने वाली फैक्ट्री थी. धमाका शुक्रवार सुबह लगभग 5 बजे पंजाब प्रांत के लाहौर के पश्चिम में फैसलाबाद के मलिकपुर क्षेत्र में हुआ. प्रारंभिक जांच में सामने आया कि फैक्ट्री के केमिकल वेयरहाउस के भीतर गैस रिसाव के कारण विस्फोट हुआ. इस धमाके से फैक्ट्री की छत और आसपास के कुछ घरों की छतें ध्वस्त हो गईं, जिससे कम से कम तीन घरों में आग लग गई. पाकिस्तानी सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियोज में विस्फोट स्थल से उठती लपटें और जलती इमारत में घुसी रेस्क्यू टीमें दिख रही है. रेस्क्यू टीमों ने मलबे के ढेर में दबे लोगों को खोजने और बाहर निकालने का काम किया.
डॉन की रिपोर्ट के अनुसार, धमाके की ताकत से गोंद यूनिट सहित चार फैक्ट्रियों और शाहाब टाउन में स्थित नौ घरों की छतें ढह गईं. पुलिस ने पुष्टि की कि इस त्रासदी में 20 लोगों की मौत हुई और सात अन्य घायल हुए. मृतकों में एक ही परिवार के सात सदस्य शामिल थे. एक इलेक्ट्रिकल इंजीनियर और उनके तीन बेटे अपने घर के गिरने से मारे गए. एक अन्य परिवार के चार सदस्य भी मलबे के नीचे दबकर मर गए. दो भाई, जो पास की कढ़ाई फैक्ट्री में काम करते थे, भी पीड़ितों में शामिल थे. फैक्ट्री के एक अन्य मजदूर फजल की भी मौत हो गई.



