पटवारी रिश्वत लेते गिरफ्तार — ACB की कार्रवाई में 20 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया

जांजगीर-चांपा ज़िले से बड़ी खबर सामने आई है, जहाँ ACB ने एक पटवारी को 20 हज़ार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पटवारी बाल मुकुंद राठौर, पुटपुरा और धाराशिव गांव का प्रभारी है। उसने ज़मीन के खाता दुरुस्तीकरण के नाम पर ये रिश्वत मांगी थी। घटना जांजगीर-चांपा जिले के पुटपुरा गांव की है, जहाँ पटवारी बाल मुकुंद राठौर को एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने आज दोपहर 12 बजे रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा।

जांजगीर पुरानी बस्ती निवासी सत्येंद्र कुमार राठौर ने ACB से शिकायत की थी कि उनकी पुश्तैनी 4 एकड़ से ज़्यादा ज़मीन पुटपुरा गांव में है। वे डेढ़ साल से खाता दुरुस्त करवाने के लिए प्रयासरत थे, लेकिन पटवारी टालमटोल करता रहा और आखिरकार 20 हज़ार रुपये की मांग कर दी। रिश्वत मांगने से परेशान होकर सत्येंद्र ने ACB से संपर्क किया। शिकायत की पुष्टि के बाद ACB ने जाल बिछाया। तय योजना के तहत सत्येंद्र राठौर ने आज दोपहर पटवारी को 20 हज़ार रुपये दिए, जिसके तुरंत बाद टीम ने दबिश दी और केमिकल लगे नोटों के साथ पटवारी को गिरफ्तार कर लिया। ACB की इस कार्रवाई से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। अब देखना होगा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई अन्य मामलों में भी कितना असर डालती है।।
योगेश राठौर, ACB थाना प्रभारी, ने बताया कि “शिकायत की जांच के बाद टीम गठित कर कार्रवाई की गई। आरोपी पटवारी से घूस की रकम बरामद की गई है। विधिवत प्रक्रिया के तहत उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।”
बाइट 01 – योगेश राठौर, ACB थाना प्रभारी, बिलासपुर



