भारतसियासी गलियारा

मणिपुर में अब खेमचंद सरकार, दो डिप्टी सीएम भी बनाएगी भाजपा; नगा समुदाय को भी चांस

इम्फाल. भाजपा ने पूरे एक साल बाद मणिपुर में नई सरकार बनाने की तैयारी कर ली है। वरिष्ठ नेता युमनाम खेमचंद सिंह को विधायक दल का नेता चुना गया है। वह नए मुख्यमंत्री होंगे। इसके अलावा दो उपमुख्यमंत्री भी बनाए जाने की तैयारी है। डिप्टी सीएम के तौर पर नेमचा किपगेन का नाम तय हुआ है। ऐसा इसलिए किया गया है ताकि मणिपुर में मैतेई समुदाय के अलावा कुकी को भी साधा जा सके। दोनों समुदायों के बीच हिंसा भड़क गई थी, जिसे कंट्रोल करने में पूर्व सीएम एन. बीरेन सिंह असफल रहे थे। यही कारण रहा कि उनकी कुर्सी ही चली गई और राज्य में राष्ट्रपति शासन लगाना पड़ा था ताकि किसी तरह के विवाद से बचा जा सके।

खेमचंद सिंह मैतेई समुदाय के हैं। इसके अलावा किपगेन कुकी नेता हैं। इस प्रयास को राज्य में भरोसा बहाल करने की एक कोशिश माना जा रहा है। यही कारण है कि एक सीएम के साथ राज्य में डिप्टी सीएम भी बनाया जाएगा। भाजपा की कोशिश है कि सरकार गठन से यह संदेश जाए कि वह सभी वर्गों को साथ लेकर चलना चाहती है। खासतौर पर मैतेई और कुकी समुदाय के बीच की कड़वाहट को इससे दूर करने की कोशिश है। इस बीच मणिपुर में इस बात की भी चर्चा है कि एक नगा समुदाय का भी डिप्टी सीएम बन सकता है। इस पद पर एनपीएफ के किसी नेता को मौका मिल सकता है, जिसके पास 5 विधायक हैं। यह पार्टी राज्य में नगा समुदाय के लोगों का प्रतिनिधित्व करती है।

मंगलवार को हुई भाजपा विधायकों की बैठक में पार्टी के केंद्रीय पर्यवेक्षक तरुण चुघ और पूर्वोत्तर प्रभारी संबित पात्रा सहित अन्य नेता भी उपस्थित थे। मणिपुर में 13 फरवरी 2025 से राष्ट्रपति शासन लागू है। राष्ट्रपति शासन लागू होने के बाद 60 सदस्यीय विधानसभा को निलंबित कर दिया गया था। वर्तमान में, मणिपुर में भाजपा के 37 विधायक हैं। 2022 के विधानसभा चुनावों में भाजपा के 32 उम्मीदवारों ने जीत हासिल की थी। इसके अलावा जेडीयू ने छह सीटें जीती थीं, जिनमें से पांच विधायक बाद में भाजपा में शामिल हो गए। इसके अलावा अन्य विधायकों में से छह नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) से, पांच नागा पीपुल्स फ्रंट से, पांच कांग्रेस से, दो कुकी पीपुल्स अलायंस से, एक जेडीयू से और तीन निर्दलीय हैं। एक मौजूदा विधायक का निधन हो जाने के कारण वर्तमान में एक सीट रिक्त है।

युमनाम खेमचंद इंफाल पश्चिम जिले की सिंगजामेई विधानसभा सीट से 2017 और 2022 में भाजपा विधायक के रूप में निर्वाचित हुए। 2017 से 2022 तक खेमचंद ने मणिपुर विधानसभा के स्पीकर के रूप में कार्य किया। इसके अलावा 2022 से 2025 के बीच उन्होंने बीरेन सिंह की कैबिनेट में नगर प्रशासन, आवास, ग्रामीण विकास और पंचायती राज जैसे प्रमुख मंत्रालयों को संभाला। राजनीति के अलावा वह एक पेशेवर मार्शल आर्टिस्ट हैं और पारंपरिक ताइक्वांडो में ‘5वां डैन ब्लैक बेल्ट’ प्राप्त करने वाले पहले भारतीय हैं।

Show More

Related Articles

Back to top button