व्यापार जगत

सराफा व्यवसायियों की समस्याओं के समाधान के लिए अब सतर्कता समिति की स्थापना

सर्राफा व्यवसायियों को पेश आ रही समस्याओं और पुलिस कार्रवाई के दौरान उत्पन्न होने वाली दिक्कतों के समाधान हेतु मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और राज्य गृह राज्यमंत्री डॉ। पंकज भोयर की पहल पर राज्य व जिला स्तर पर सतर्कता समिति गठित करने का निर्णय लिया गया है। इस समिति में पुलिस अधिकारियों के साथ-साथ सर्राफा व्यवसायियों को भी शामिल किया जाएगा। सर्राफा व्यवसायियों को अपने व्यवसाय के संचालन में कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। पुलिस कार्रवाई के नाम पर सर्राफा व्यवसायियों पर दबाव बनाया जा रहा था।

इससे कई बार पुलिस और सर्राफा व्यवसायी आमने-सामने आ जाते थे। पुलिस कार्रवाई के विरोध में कई बार सर्राफों ने आंदोलन का भी रास्ता अपनाया था। इन सभी परिस्थितियों को देखते हुए, सर्राफा व्यवसायियों और पुलिस के बीच समन्वय स्थापित करने हेतु लंबे समय से समिति गठित करने की मांग की जा रही थी। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और गृह राज्यमंत्री डॉ.पंकज भोयर ने इस दिशा में कदम उठाते हुए राज्य स्तर, पुलिस आयुक्तालय स्तर तथा जिला स्तर पर सतर्कता समिति गठित करने का निर्णय लिया है।

सर्राफा व्यवसायियों की समस्याओं के समाधान हेतु गृह विभाग ने राज्य स्तरीय सतर्कता समिति का गठन किया है। इस समिति में अध्यक्ष विशेष पुलिस महानिरीक्षक (कानून एवं व्यवस्था), सदस्य पुलिस महानिदेशक के विधि सलाहकार, सदस्य सचिव पुलिस अधीक्षक, राज्य पुलिस नियंत्रण कक्ष, सदस्य नितिन खंडेलवाल, शैलेश खराटे अकोला, राजेश रोकड़े नागपुर, सुधाकर टांक, किरण अंदिलकर पुणे, महावीर गांधी, गिरीश देवरमनी सोलापुर, भरत ओसवाल कोल्हापुर, सुभाष वडाला, अजीत पेंडूरकर मुंबई, राजेंद्र दिंडोरकर नाशिक व अमोल ढोमणे वर्धा का समावेश है़

भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष चित्रा किशोर वाघ ने कहा कि सर्राफा समाज को व्यवसाय करते समय अक्सर पुलिस कार्रवाई के दबाव में रहना पड़ता था। कई बार कार्रवाई के दौरान सर्राफों के साथ अनुचित व्यवहार होता था। कई निर्दोष सर्राफों को झूठे मामलों में फँसाया भी गया। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और गृह राज्यमंत्री डॉ. पंकज भोयर ने समाज की मांग को ध्यान में रखते हुए सतर्कता समिति गठित करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है। समिति में सर्राफा समाज के प्रतिनिधियों को भी शामिल किया गया है, जिससे उनकी समस्याओं और चुनौतियों का समाधान संभव हो सकेगा। इस पहल के लिए सर्राफा समाज की ओर से मुख्यमंत्री व गृह राज्यमंत्री का आभार व्यक्त किया गया है।

राज्य सतर्कता समिति सदस्य अमोल ढोमणे ने कहा कि सर्राफा व्यवसायियों को वर्षों से पुलिस कार्रवाई का सामना करना पड़ रहा था। वर्धा में भी एक पुलिस कार्रवाई के कारण एक सर्राफा व्यवसायी को अपनी जान गंवानी पड़ी थी। लेकिन अब सतर्कता समिति की स्थापना से उनकी समस्याओं का समाधान होगा। पुलिस कार्रवाई के लिए नियम व दिशा-निर्देश तय किए जाएंगे। इससे पुलिस और सर्राफा व्यवसायियों के बीच समन्वय बढ़ेगा और दोनों पक्षों को अनावश्यक परेशानी नहीं होगी। मुख्यमंत्री और गृह राज्यमंत्री डॉ.पंकज भोयर ने दशहरे के शुभ अवसर पर समाज को एक महत्वपूर्ण सौगात दी है।

Show More

Related Articles

Back to top button