खेल जगत

निकोलस पूरन को MLC में मिली बड़ी जिम्मेदारी, इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास के बाद इस टीम ने जताया भरोसा

वेस्टइंडीज के ताबड़तोड़ बल्लेबाज निकोलस पूरन ने मंगलवार को इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया था। संन्यास के ऐलान के बाद अब पूरन को मेजर क्रिकेट लीग में मुंबई इंडियंस की फ्रेंचाइजी ने एक बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। पूरन को एमआई न्यूयॉर्क का कप्तान नियुक्त किया गया है।

पिछले सीजन में कीरोन पोलार्ड की कप्तानी में एमआई न्यूयॉर्क ने खिताब जीता था। अब निकोलस पूरन को कप्तानी सौंपने का मतलब साफ है कि मुंबई की फ्रेंचाइजी पोलार्ड को बतौर खिलाड़ी की जगह कोच के तौर पर इस्तेमाल करने की सोच रही है। पोलार्ड आईपीएल में मुंबई इंडियंस के बल्लेबाजी कोच हैं। ऐसे में फ्रेंचाइजी उन्हें सभी लीग का बल्लेबाजी कोच बनाने पर विचार कर रही है। हालांकि अभी तक पोलार्ड की भूमिका तय नहीं हुई है। शायद इस सीजन वो बल्लेबाज के तौर पर खेलें।

MLC के पिछले सीजन में की थी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी

पूरन 2023 एमएलसी सीजन में 388 रन बनाकर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी थे। पिछले साल के फाइनल में निकोलस पूरन ने नाबाद 137 रनों की पारी खेली थी। जिसके दम ही टीम को जीत मिली थी। तीसरा सीजन गुरुवार से शुरू हो रहा है। एमआई न्यूयॉर्क में क्विंटन डी कॉक, कीरोन पोलार्ड और राशिद खान जैसे अन्य अंतरराष्ट्रीय सितारे भी हैं।

IPL 2025 में मचा चुके हैं तहलका

निकोलस पूरन के लिए पिछला एक साल अच्छा रहा है। उन्होंने इस दौरान दुनियाभर के लीग में धमाल मचाया है। हाल में खत्म हुए आईपीएल 2025 में पूरन ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 14 मैचों में 196.25 की स्ट्राइक रेट से 524 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 5 अर्धशतक भी जड़े। इसके अलावा उन्होंने इस सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाए। पूरन ने इस सीजन में 40 छक्के लगाए।

ऐसा रहा है निकोलस पूरन का इंटरनेशनल करियर

निकोलस पूरन ने देश के लिए 61 वनडे खेले। जिसमें उन्होंने 1983 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 3 शतक और 11 अर्धशतक लगाए। वहीं 106 टी20 आई मुकाबलों में 2275 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 13 अर्धशतक लगाए। उनका इंटरनेशनल करियर 9 सालों का रहा।

Show More

Related Articles

Back to top button