पश्चिम बंगाल में होगी मानसून की एंट्री…और चढ़ेगा राजस्थान का पारा, इन राज्यों के लिए जारी हुआ अलर्ट

नई दिल्ली: देश के 17 राज्यों में मानसून की एंट्री हो चुकी है। कई राज्यों के मौसम विभाग ने आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। लेकिन राजस्थान में तेज गर्मी की दौर जारी है। गुरुवार को मानसून के पश्चिम बंगाल पहुंचने का अनुमान भी जताया जा रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार आज दिल्ली में 70 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चल सकती है। राजधानी के अधिकतम तापमान में 1.8 डिग्री की कमी आई है। बुधवार को यह 38.6 डिग्री सेल्सियस था। न्यूनतम तापमान 27.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, हालांकि यह सामान्य से 1.1 डिग्री सेल्सियस अधिक है। दिल्ली में 30 मई को बारिश के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
यूपी के 61 जिलों में अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार आज यूपी में पूर्व से पश्चिम तक बारिश की संभावना है। राज्य के 61 जिलों में अलर्ट जारी किया गया है। शुक्रवार से बारिश का यह सिलसिला रफ्तार पकड़ेगा, जिसके चलते ज्यादातर हिस्सों में तेज आंधी के साथ भारी बारिश होगी। अगले तीन दिनों तक मौसम ऐसा ही रहेगा। एक जून से इसमें थोड़ी कमी आएगी। हालांकि तीन जून तक बादल और बारिश का आना-जाना लगा रहेगा।
बिहार में भी होगी झमाझम
पटना समेत बिहार के कई जिलों में एक बार फिर गर्मी बढ़ गई है। इस बीच मौसम विभाग ने आज बिहार के सभी 38 जिलों में बारिश की संभावना जताई है। 12 जिलों में ऑरेंज और 26 जिलों के लिए येलो अलर्ट है। मौसम विभाग के अनुसार, बिहार में 3 जून तक आंधी-तूफान के आसार हैं। इस मानसून सीजन में राज्य में सामान्य से 11 फीसदी अधिक बारिश होने की संभावना है।
पश्चिम बंगाल में होगी मानसून की एंट्री
आज पश्चिम बंगाल में मानसून प्रवेश कर सकता है। ऐसे में राज्य में भारी बारिश की संभावना है। इसके चलते राज्य सरकार ने निचले इलाकों से लोगों को निकालना शुरू कर दिया है। तटीय जिलों में आपदा प्रबंधन अमले को तैनात किया गया है। आज दक्षिण पश्चिम बंगाल के 9 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है।
एमपी के इन जिलों में होगी बारिश
मध्य प्रदेश में इस बार मई महीने में भारी बारिश का अलर्ट है। मौसम विभाग ने गुरुवार को 24 घंटे में राज्य के खरगोन, बुरहानपुर, खंडवा, हरदा और बैतूल में ढाई से साढ़े चार इंच बारिश होने का अनुमान जताया है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन, नर्मदापुरम-जबलपुर संभाग के जिलों में आंधी-तूफान और बारिश का दौर रहेगा।
राजस्थान का पारा हाई
राजस्थान में जबरदस्त गर्मी पड़ रही है। यहां 31 मई तक अधिकतम तापमान 45-46 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। साथ ही उदयपुर-कोटा संभाग में बारिश की संभावना है। बुधवार को बीकानेर में दिन का अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जैसलमेर में यह 44.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
ओडिशा में मानसून के आगमन का दूसरा दिन है। राज्य में मानसून 13 दिन पहले 28 मई को पहुंचा था। मौसम विभाग के अनुसार मानसून (जून से सितंबर) में औसत से अधिक बारिश होने की संभावना है। जो 106% से अधिक है। विभाग ने मछुआरों को 29 मई से 1 जून तक समुद्र में न जाने की सलाह दी है।
असम में अगले 2-3 दिनों में भारी बारिश की चेतावनी है। राज्य के 23 जिलों में भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान निचले इलाकों में जलभराव, बाढ़ की स्थिति, पेड़ों के उखड़ने और भूस्खलन का खतरा हो सकता है। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (ASDMA) ने गुवाहाटी के लोगों को सतर्क रहने की हिदायत दी है।