भारत

आसमान में Mi-17 हेलिकॉप्टर ने फहराया ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का झंडा, PM मोदी ने दुश्मनों को चेताया

79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर के वीर जांबाजों को सलाम किया है। लाल किले की प्राचीर से देशवासियों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारे वीर जांबाज सैनिकों ने दुश्मनों को उनकी कल्पना से परे सजा दी है। सेना ने सैकड़ों किलोमीटर दुश्मन की धरती पर घुसकर आतंकी अड्डों को मिट्टी में मिला दिया। आतंकी इमारतों को खंडहर बना दिया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि 22 अप्रैल को पहलगाम में सीमापार से आए आतंकियों ने कत्लेआम किया था। धर्म पूछकर लोगों को मारा गया। पत्नी के सामने पति को गोली मार दी। बच्चों के सामने पिता को मौत के घाट उतार दिया। पूरा हिंदुस्तान आक्रोश से भरा हुआ था। पूरा विश्व भी इस नरसंहार से हैरान था। ऑपरेशन सिंदूर उसी आक्रोश की अभिव्यक्ति है।

पीएम मोदी ने कहा कि 22 अप्रैल के बाद हमने सेना को खुली छूट दी, रणनीति और लक्ष्य सेना तय करे, समय भी वह चुने। सेना ने वह करके दिखाया, जो कई दशकों तक कभी नहीं हुआ। सैकड़ों किलोमीटर दुश्मन की धरती पर घुसकर आतंकी अड्डों को मिट्टी में मिला दिया। आतंकी इमारतों को खंडहर बना दिया। पाकिस्तान की नींद अभी भी उड़ी हुई है। पाकिस्तान में हुई तबाही इतनी बड़ी है कि रोज नई-नई जानकारी आ रही है।

Mi-17 हेलीकॉप्टर ने दी ऑपरेशन सिंदूर को सलामी

स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम के दौरान भारतीय वायुसेना के दो Mi-17 हेलीकॉप्टरों ने लाल किले के ऊपर से उड़ान भरते हुए फूलों की पंखुड़ियां बरसा। एक हेलीकॉप्टर तिरंगा लेकर उड़ रहा था, तो दूसरा ऑपरेशन सिंदूर का बैनर लहरा रहा था। यह ऑपरेशन सिंदूर की सफलता को सलामी थी।

भारत न्यूक्लियर की धमकी नहीं सहेगा

प्रधानमंत्री मोदी ने एक बार फिर दोहराया कि भारत न्यूक्लियर की धमकी को सहने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि न्यूक्लियर ब्लैकमेल लंबे समय से चला आया है, लेकिन इसे अब सहा नहीं जाएगा। हमारा देश कई दशकों से आतंक को झेलता आया है। हमने ‘न्यू नॉर्मल’ प्रस्थापित किया।

पीएम मोदी ने दुश्मनों को चेतावनी देते हुए कहा कि आतंक को, उन्हें पालने वालों को और आतंकवादियों को ताकत देने वालों को हम अलग-अलग नहीं मानते हैं। वह मानवता के समान दुश्मन है। उनके बीच कोई फर्क नहीं है। अगर उन्होंने आगे भी कोशिश जारी रखी तो हमारी सेना अपनी शर्तों, निर्धारित समय और अपने तौर-तरीके से लक्ष्य तय करेगी और इस लक्ष्य को अमल में लाया जाएगा। दुश्मनों को मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत ने तय कर लिया है कि खून और पानी एक साथ नहीं बहेंगे। उन्होंने सिंधु जल समझौते को देशवासियों के साथ अन्यायपूर्ण और एकतरफा करार दिया। पीएम मोदी ने कहा कि भारत से निकलती नदियों का पानी दुश्मनों के खेत को सींच रहा है, जबकि देश के किसान और देश की धरती पानी के बिना प्यासी है। यह ऐसा समझौता था, जिसने 7 दशक से देश के किसानों का अकल्पनीय नुकसान किया है। उस पानी पर सिर्फ भारत का हक है।

Show More

Related Articles

Back to top button