
तेलंगाना के संगारेड्डी जिले में सोमवार को एक केमिकल फैक्ट्री में भीषण विस्फोट होने से कम से कम दस लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक, पशमिलारम में सिगाची केमिकल इंडस्ट्री में रिएक्टर विस्फोट के बाद आग लग गई।
विस्फोट की वजह से मज़दूर 100 मीटर दूर जा गिरे, जिससे कई मज़दूर पास के तंबुओं में फंस गए और आग भड़कती चली गई। दमकलकर्मी मौके पर आग बुझाने और बचाव अभियान चला रहे हैं।
विस्फोट के कारण भीषण आग लग गई, जिससे प्रतिष्ठान के कुछ हिस्से इसकी चपेट में आ गए तथा आसपास के क्षेत्र में दहशत फैल गई। घटनास्थल पर कई दमकल गाड़ियां भेजी गईं तथा आग पर काबू पाने के लिए अग्निशमन प्रयास सक्रिय रूप से जारी रहे। कई घायल मजदूरों की हालत गंभीर है। अधिकारी बचाव और राहत कार्य जारी रखे हुए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो विस्फोट इतना तेज था कि कई मजदूर हवा में उछलकर कई मीटर दूर जा गिरे।
धमाके से फैक्ट्री की एक इकाई पूरी तरीके से ढह गई, और आग पास की इमारतों तक फैल गई। उस वक्त कई मजदूर रिएक्टर के पास काम कर रहे थे। फैक्ट्री में अधिकतर प्रवासी मजदूर थे, जो ओडिशा, उत्तर प्रदेश तथा अन्य राज्यों से आए हुए थे। हादसे के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और आसपास की कंपनियों के कर्मचारी भी परिसर से भाग निकले।
फैक्ट्री के आसपास मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी देते हुए कहा कि सुबह का वक्त होने की वजह से फैक्ट्री में काम करने के लिए काफी मजदूर पहुंच गए थे। प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए हादसे के आसपास वाली पूरी जगह को खाली कराया है। हादसे के बाद चारों तरफ अफरा-तफरी का माहौल बन गया और मजदूरों के बीच चीख पुकार मच गई थी। आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन रेस्क्यू ऑपरेशन अभी जारी है। धमाके वाली जगह मलबे का ढेर जमा हो गया है।



