भाजपा का प्रदर्शन नहीं, कांग्रेस कार्यालय पर हमला था: दीपक बैज

रायपुर: भाजपा द्वारा कांग्रेस कार्यालय के घेराव को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली में राहुल गांधी के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन से बौखलाकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने रायपुर स्थित कांग्रेस कार्यालय पर हमला किया। बैज ने कहा कि यह लोकतांत्रिक विरोध प्रदर्शन नहीं, बल्कि कांग्रेस कार्यालय पर सुनियोजित आक्रमण था।
दीपक बैज ने आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ता हाथों में लाठी, डंडे और पत्थर लेकर कांग्रेस कार्यालय पहुंचे थे। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पत्थरबाजी भी की गई। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि इस प्रदर्शन में राज्य सरकार के छह मंत्री भी शामिल थे। मंत्रियों की जिम्मेदारी कानून-व्यवस्था बनाए रखना होती है, लेकिन वे स्वयं उकसाऊ भाषण देकर माहौल बिगाड़ने का काम कर रहे थे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने पुलिस प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि पूरे घटनाक्रम के दौरान पुलिस मूकदर्शक बनी रही। उनका आरोप है कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर आंसू गैस के गोले भी छोड़े गए, जबकि भाजपा कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
बैज ने कहा कि भाजपा का यह प्रदर्शन लोकतांत्रिक मर्यादाओं के अनुरूप नहीं था, बल्कि विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास था। उन्होंने पूरे घटनाक्रम की कड़ी निंदा करते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।



