खेल जगतभारत

नाइटक्लब में मस्ती कर रहे थे क्रिस गेल तभी…दिग्गज ने बताया 2011 में कैसे RCB से जुड़ा नाता

नई दिल्ली. अपने दौर के धुरंधर बल्लेबाज, यूनिवर्स बॉस क्रिस गेल ने खुलासा किया है कि कब और कैसे 2011 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने उनसे संपर्क किया था। एक हालिया पॉडकास्ट में उन्होंने बताया कि उन दिनों वर्ल्ड कप में करारी हार के बाद पाकिस्तान के खिलाफ होम सीरीज के लिए टीम से उनका पत्ता कट गया था। वह क्रिकेट से दूर थे। बहुत निराश थे। एक रात जब वह नाइट क्लब में थे तब आरसीबी ने उनसे संपर्क किया।

शुभांकर मिश्रा के साथ पॉडकास्ट में उन्होंने बताया, '2011 में जब मुझे कॉल आई तो उस वक्त में जमैका के एक नाइट क्लब में था। वेस्टइंडीज क्रिकेट में तूफान मचा था और मुझे पाकिस्तान के लिए होम सीरीज तक के लिए नहीं चुना गया था। वर्ल्ड कप की हार से आए थे हम और उसके बाद इंजरी भी थी। मैं बहुत निराश था। इसलिए लंबी कहानी को संक्षेप में कहें तो मैं उस वक्त नाइटक्लब में था और मैं किसी भी तरह का क्रिकेट नहीं खेल रहा था।'

गेल ने आगे बताया, ‘मुझे कॉल आया। वो विजय माल्या और अनिल कुंबले थे। उन्होंने मुझसे पूछा कि क्या मैं फिट हूं। मैं सोच रहा था कि क्या यह सब कुछ सच में हो रहा है। मैंने जवाब दिया- हां, मैं फिट हूं। उन्होंने कहा- अगर आप फिट हैं तो कल आप दूतावास जाइए और वीजा ले लीजिए। फिर मैंने कहा- लेकिन कल तो शनिवार है। तब उन्होंने कहा- उसकी चिंता मत करो। बस तैयारी करो। अगले दिन मैं उठा, अपना वीजा लिया और उसके बाद अपनी फ्लाइट पकड़ी।’

क्रिस गेल के अंतरराष्ट्रीय करियर की बात करें तो तीनों फॉर्मेट मिलाकर उन्होंने वेस्टइंडीज के 483 मैच खेले हैं, जिनमें उनके नाम 19594 रन हैं। इनमें 42 शतक भी शामिल हैं।

आईपीएल में गेल 2011 में आरसीबी के साथ जुड़े और उनके लिए वह सीजन बहुत ही यादगार रहा। एक तो उन्हें उस समय आरसीबी से जुड़ने का मौका मिला जब वह पूरी तरह निराश हो चुके थे। उन्होंने सुनहरे मौके को खूब भुनाया और उस सीजन में 12 मैच में 608 रन कूट डाले। इनमें 2 तूफानी शतक भी थे। आरसीबी फाइनल में पहुंची थी लेकिन जीत नहीं सकी। गेल 2011 के सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज थे।
Show More

Related Articles

Back to top button