भारत

पहलगाम के मृतकों को आज अंतिम विदाई: पुणे में बेटी ने पिता को दी मुखाग्नि, गुजरात में पिता-पुत्र की साथ जली चिता

पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए लोगों को आज आखिरी विदाई दी जा रही है। इस हमले में 11 राज्यों औकर दो केंद्र शासित प्रदेश के कुल 25 लोगों की मौत हुई है। वहीं दो विदेशी लोगों की मौत हुई थी। पुणे में बेटी ने पिता को मुखाग्नि दी। वहीं गुजरात में पिता-पुत्र की साथ चिता जली। रायपुर के दिनेश मिरानिया और ओडिशा के प्रशांत सतपथी की अंतिम संस्कार किया गया। वहीं कानपुर के शुभम द्विवेदी को लोगों ने नम आंखों से विदाई दी। आंध्र प्रदेश के नेल्लोर में मृतक मधुसूदन राव का अंतिम संस्कार चल रहा है। इनके अलावा जिन मृतकों का आज अंतिम संस्कार होना है, उनमें जयपुर के CA नीरज उधवानी, बिहार के IB ऑफिसर मनीष रंजन, पुणे के कौस्तुभ गणबोटे, बेंगलुरु के मंजूनाथ, इंदौर के सुशील नथानियल, रायपुर के दिनेश मिरानिया और भारत भूषण और गुजरात के तीन मृतक शामिल हैं। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में गुजरात के तीन लोग गोलीबारी का शिकार हुए हैं। मृतकों में भावनगर के रहने वाले पिता-पुत्र के साथ सूरत निवासी बैंककर्मी शामिल हैं। आतंकी हमले में जान गंवाने वाले लोगों में भावनगर के यतीश परमार और उनके बेटे स्मित परमार का आज एक साथ अंतिम संस्कार किया गया। घर से जैसे की एक साथ पिता-पुत्र की अर्थी निकली, लोगों के आंखों में आंसू आ गए। हर कोई गमगीन दिखा।  इसके अलावा सूरत के शैलेश कलाठिया का भी अंतिम संस्कार किया गया।

जानकारी के अनुसार भावनगर के कालियाबीड़ नंदनवन सोसाइटी स्ट्रीट नंबर 7 में रहने वाले परिवार ने अपना मकान बेच दिया था। यतीश परमार पत्नी काजल परमार और बेटा स्मित परमार के साथ 16 अप्रैल को सुरेन्द्रनगर से जम्मू तवी के लिए ट्रेन में गए थे। वह मोरारी बापू का प्रवचन सुनने गए थे। मंगलवार को पहलगाम आतंकी हमले में आतंकवादी हमले में पिता यतीश परमार और पुत्र स्मित परमार की मौत हो गई। पिता-पुत्र की एक साथ मौत से भावनगर में रहने वाले उनके परिजन शोक में हैं।

पुणे- बेटी ने पिता को दी मुखाग्नि

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में महाराष्ट्र के 6 लोगों की मौत हो गई। इसमें संतोष जगदाले भी थे। आतंकियों ने संतोष जगदाले को पत्नी और बेटी के सामने सिर, कान और पीठ पर गोली मारी।

जगदाले अपने परिवार के साथ पहलगाम घूमने आए थे। उनके साथ पत्नी और बेटी भी थी। साथ में एक महिला रिश्तेदार भी थी। आतंकियों ने तीनों महिलाओं को छोड़ दिया।जगदाले की बेटी ने बताया कि, आतंकियों ने उनके पिता से कलमा पढ़ने को कहा था, जब वह नहीं पढ़ पाए तो गोली मार दी। हाथों में बंदूक लिए आतंकी टेंट में छिपे लोगों को ढूंढकर मार रहे थे।

छत्तीसगढ़- दिनेश का हुआ अंतिम संस्कार

जम्मू कश्मीर के पहलगाम में मारे गए छत्तीसगढ़ के कारोबारी दिनेश मिरानिया (Dinesh Mirania) का आज रायपुर में अंतिम संस्कार किया गया। बेटे शौर्य ने दिनेश मिरानिया को मुखाग्नि दी। अंतिम यात्रा में राज्यपाल रामेन डेका, CM साय और स्पीकर रमन सिंह भी मौजूद रहे। अंतिम यात्रा निकलने से पहले कारोबारी की पत्नी नेहा बेहोश हो गईं थी, उन्हें परिजन घर के अंदर लेकर गए। अंतिम यात्रा में परिजन और स्थानीय लोग रोते नजर आए।

आतंकी हमले को लेकर शहर में आक्रोश है। सड़कों पर पाकिस्तान के झंडे चिपका दिए हैं, आतंकियों की तस्वीरें लगा दी हैं, उसके ऊपर से लोग गुजर रहे हैं, थूक रहे हैं, गाली दे रहे हैं।

हरियाणा- लेफ्टिनेंट विनय नरवाल पंच तत्व में विलीन

पहलगाम में क्रूर आतंकी हमले में मारे गए नेवी के लेफ्टिनेंट विनय नरवाल (Vinay Narwal) का बुधवार को करनाल में अंतिम संस्कार हो गया। विनय नरवाल की बहन ने ही उनका अंतिम संस्कार किया। पूरा परिवार और इलाका इससे सदमे में था और हजारों लोगों की भीड़ इस मौके पर पहुंची थी। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी जब करनाल में उनके घर पहुंचे तो विनय नरवाल की छोटी बहन ने आपा खो दिया। भाई को खोने से बदहवास बहन ने रोते-रोते आरोप लगाया कि आतंकी हमले में गोलियां लगने के बाद भी विनय नरवाल काफी देर तक जिंदा थे, लेकिन कोई मदद के लिए नहीं पहुंचा।

Show More

Related Articles

Back to top button