
नई दिल्ली. इंडिया ए वर्सेस ऑस्ट्रेलिए दूसरा अनौपचारिक टेस्ट मैच लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेई इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में कंगारुओं ने भारत के सामने जीत के लिए 412 रनों का विशाल टारगेट रखा है। पहली पारी में भारतीय बल्लेबाजों के खराब प्रदर्शन के बावजूद टीम इंडिया इस रनचेज में बनी हुई है। इस विशाल टारगेट का पीछा करते हुए केएल राहुल एक छोर पर खूंटा गाड़े हुए हैं और उन्होंने अपना शतक भी पूरा कर लिया है। केएल राहुल के साथ दूसरे छोर पर साई सुदर्शन मौजूद हैं, जो 98 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। खबर लिखे जाने तक लंच ब्रेक हो गया है और भारत को 151 रनों की दरकार है।
केएल राहुल और साई सुदर्शन की फॉर्म आगामी वेस्टइंडीज टेस्ट सीरीज को देखते हुए बेहद खास है। यह दोनों ही खिलाड़ी 2 अक्टूबर से शुरू होने वाली इंडिया वर्सेस वेस्टइंडीज टेस्ट स्क्वॉड का हिस्सा हैं।
टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करना भारत को भारी पड़ गया। ऑस्ट्रेलिया ए ने 420 रन बोर्ड पर लगाकर भारत को मुश्किल में डाल दिया। टीम इंडिया की मुश्किलें और बढ़ी जब पहली पारी में पूरी टीम 194 के स्कोर पर ही सिमट गई।
जीत की मानसिकता रखने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम ने दूसरी पारी 3 विकेट के नुकसान पर 261 रनों पर घोषित कर दी और भारत के सामने 412 रनों का टारगेट रखा।
ऑस्ट्रेलिया की सोच यह थी कि वह पहली पारी की तरह भारत को दूसरी पारी में भी जल्दी समेट देगी, मगर केएल राहुल और साई सुदर्शन खूंटा गाढ़कर खड़े हो गए। भारत अभी तक तीन विकेट खो चुका है। आज मैच का चौथा दिन है और दो सेशन का खेल बाकी है। अगर केएल राहुल और साई सुदर्शन एक सेशन और खेल जाते हैं तो वह भारत को मैच जीता सकते हैं।



