नायर का कटेगा पत्ता, कंबोज का डेब्यू, शार्दुल को मौका? ऐसी हो सकती है प्लेइंग इलेवन

नई दिल्ली. भारत और इंग्लैंड के बीच 5 टेस्ट मैच की सीरीज का चौथा मुकाबला बुधवार से मैनचेस्टर में शुरू होगा। इंग्लैंड ने तो अपनी प्लेइंग इलेवन का ऐलान कर दिया है लेकिन भारतीय टीम से मैच वाले दिन ही पर्दा उठेगा। वैसे कई खिलाड़ियों के चोटिल होने की वजह से टीम मैनेजमेंट को प्लेइंग इलेवन चुनने में काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा।
भारतीय टीम सीरीज में 1-2 से पीछे चल रही है। अगर उसे सीरीज जीत की उम्मीदों को जिंदा रखना है तो मैनचेस्टर टेस्ट हर हाल में जीतना होगा। ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी चोट की वजह से पहले ही श्रृंखला से बाहर हो चुके हैं। अर्शदीप सिंह भी चोट की वजह से कम से कम मैनचेस्टर टेस्ट के लिए नहीं उपलब्ध होंगे, ये बीसीसीआई भी साफ कर चुकी है। एजबेस्टन टेस्ट के हीरो आकाश दीप भी ग्रोइन इंजरी से पीड़ित हैं और उनके खेलने या न खेलने पर सस्पेंस बना हुआ है। विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत उंगली की चोट से उबर रहे हैं लेकिन राहत की बात ये है कि वह ट्रेनिंग सेशन में लगातार दिखे हैं।
जसप्रीत बुमराह
सबसे बड़ा सवाल ये है कि क्या स्टार पेसर जसप्रीत बुमराह चौथा टेस्ट खेलेंगे? वर्कलोड मैनेजमेंट के तहत उन्हें सीरीज के 5 में से सिर्फ 3 मैच ही खिलाए जाने हैं जिनमें 2 मैच वह पहले ही खेल चुके हैं। वैसे तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज कह चुके हैं कि जस्सी भाई मैनचेस्टर टेस्ट खेलेंगे। कोच या कप्तान की तरफ से ऐसा कुछ नहीं कहा गया है लेकिन एक सीनियर गेंदबाज के बयान को तो गंभीरता से लेना ही होगा। मस्ट विन मैच में बुमराह की मौजूदगी से भारतीय गेंदबाजी आक्रमण को धार मिलेगी।
अंशुल कंबोज का डेब्यू
भारत के एक साथ एक से ज्यादा गेंदबाजों के चोटिल होने से तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज को मैनचेस्टर में डेब्यू का मौका मिल सकता है। वह भारत ए की तरफ से इंग्लैंड लायंस के खिलाफ दोनों अनाधिकारिक टेस्ट खेले थे जिनमें 5 विकेट भी झटके थे। अगर आकाश दीप पूरी तरह फिट नहीं रहते तो अंशुल कंबोज को डेब्यू का मौका मिल सकता है। हालांकि, प्रसिद्ध कृष्णा भी दावेदार हैं लेकिन सीरीज में उनका खराब प्रदर्शन उनके खिलाफ जा सकता है।
शार्दुल ठाकुर या कुलदीप यादव
ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी के सीरीज से बाहर होने के बाद मैनचेस्टर में उनकी जगह शार्दुल ठाकुर या फिर कुलदीप यादव को मौका मिल सकता है। सीरीज में ठाकुर को पहले भी मौके मिले लेकिन वह उन्हें भुनाने में नाकाम रहे थे। कुलदीप यादव अब तक के तीनों टेस्ट में बेंच पर ही बैठे दिखे। टीम मैनेजमेंट की ऑलराउंडरों को तरजीह देने की रणनीति इस स्पिनर के खिलाफ जा रही है।
करुण नायर का कट सकता है पत्ता
मैनचेस्टर टेस्ट में करुण नायर का पत्ता कट सकता है क्योंकि सीरीज में वह अपनी छाप छोड़ने में पूरी तरह नाकाम रहे हैं। वैसे तो तीसरे टेस्ट में भी माना जा रहा था कि नायर नहीं खेलेंगे लेकिन गौतम गंभीर और शुभमन गिल ने उन पर भरोसा जताया। इसकी बड़ी वजह ये है कि उनका कोई मजबूत विकल्प नहीं दिख रहा। सीरीज के 2 मैच में आईपीएल 2025 के स्टार बी साईं सुदर्शन को मौका मिला था लेकिन वह उन्हें भुनाने में नाकाम रहे। मैनचेस्टर टेस्ट में उन्हें एक और मौका मिल सकता है।
मैनचेस्टर टेस्ट में टीम इंडिया की संभावित प्लेइंग इलेवन
यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेट कीपर), शार्दुल ठाकुर/कुलदीप यादव, रविंद्र जडेजा, वॉशिंगटन सुंदर, आकाश दीप/अंशुल कंबोज, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज



