जोस बटलर ने 122 मीटर ऊंचा कैच पकड़कर बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड

इंग्लैंड की टीम के विकेटकीपर जोस बटलर ने एक शानदार उपलब्धि हासिल करते हुए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है। उन्होंने सबसे ऊंचा कैच क्रिकेट बॉल से पकड़ने का रिकॉर्ड अपने नाम किया और दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गए। यह कीर्तिमान उन्होंने पूर्व इंग्लैंड क्रिकेटर केविन पीटरसन की देखरेख में हासिल किया।
जोस बटलर के लिए यह चुनौती आसान नहीं थी। उन्होंने लगभग 60 मिनट तक कई बार अभ्यास किया और अंततः अपने कुछ प्रयासों में सफल होकर नया इतिहास रच दिया। बटलर ने 122 मीटर ऊँचाई से ड्रोन से गिराए गए कैच को पकड़ा, जो लगभग 400 फीट जमीन से ऊपर था। इससे पहले कोई भी खिलाड़ी 120 मीटर से ऊपर का कैच नहीं पकड़ पाया था। यह रिकॉर्ड केपटाउन में बनाया गया।
पहले टिमोथी शैनन के नाम था रिकॉर्ड
पहले यह रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के टिमोथी शैनन जेबेसीलन के नाम था, जिन्होंने 19 नवंबर 2021 को 119.86 मीटर (लगभग 393 फीट) की दूरी वाला कैच पकड़ा था। इस चुनौती में बटलर को 60 मिनट का समय मिला। उन्होंने पहले 50 मीटर के कैच से शुरुआत की। शुरुआती प्रयासों में उन्हें समझ ही नहीं आया कि यह संभव होगा या नहीं। द स्विच हिट यूट्यूब चैनल पर साझा किए गए वीडियो में बटलर ने पीटरसन से कहा, “यह करना मुश्किल है, जबकि वर्ल्ड कप जीतना आसान लगता है। एमएस धोनी और एडम गिलक्रिस्ट भी शायद ऐसा नहीं कर पाए होंगे।”
बटलर ने 122 मीटर ऊँचाई का कैच पकड़ा
अंत में, 60 मिनट के समय के आखिरी कुछ मिनटों में बटलर ने 122 मीटर ऊँचाई का कैच पकड़कर नया रिकॉर्ड कायम किया। शुरू में उन्हें पिंक बॉल पकड़ने में दिक्कत हुई, फिर व्हाइट बॉल पर प्रयास किया, लेकिन वह और भी चुनौतीपूर्ण साबित हुई। अंततः उन्होंने रेड बॉल पर स्विच किया और अपने प्रयास में सफल हुए। इस दौरान कई बार उन्होंने 122 मीटर से कैच पकड़ने का प्रयास किया था, लेकिन पहले असफल रहे।



