भारत

मानसून आते ही बदल गया झारखंड का मौसम! आज 24 जिलों में आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट

 झारखंड के उत्तरी हिस्से में मानसून पहुंच चुका है. मानसून पहुंचने से मौसम काफी सुहावना हो चुका है, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है. मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, मानसून बंगाल की खाड़ी से होकर संताल परगना के रास्ते झारखंड में प्रवेश किया है. अब मानसून ने जामताड़ा, देवघर, गोड्डा, पाकुड़, साहिबगंज, धनबाद, गिरिडीह और पूर्वी सिंहभूम के कई हिस्सों को कवर भी कर लिया है.

आज (शनिवार, 13 जून) भी पूरे प्रदेश में काले-काले घने बादल देखने को मिल रहे हैं. मौसम विभाग के अनुसार, झारखंड के सभी हिस्सों में मानसून के प्रवेश करने की अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं. कई सिस्टम बने हैं, जिससे झारखंड में बारिश होने की संभावना है. उत्तर पश्चिम राजस्थान से लेकर बंगाल की खाड़ी तक एक निम्न दबाव की ट्रफ लाइन बनी हुई है.

मौसम विभाग ने आज राजधानी रांची, बोकारो, धनबाद, गुमला, हजारीबाग, कोडरमा, लोहरदगा, खूंटी, रामगढ़, पूर्वी सिंघभूम, पश्चिमी सिंघभूम-सिमडेगा, सरायकेला खरसावां, देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहेबगंज जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इन जिलों में भीषण बारिश होने का पूर्वानुमान जताया गया है.

इस दौरान 70 से 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. कुछ इलाकों में ठनका (आकाशीय बिजली) और ओले गिरने की आशंका जताई गई है. लोगों से खराब मौसम में सावधान रहने की अपील की गई है. मौसम वैज्ञानिक ने लोगों से वज्रपात के समय खेत, पेड़ के नीचे, बिजली पोल के नीचे नहीं रहने की अपील की है. ऐसे समय में सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है.

वज्रपात, तेज हवा और भारी बारिश की संभावना को देखते हुए खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है. विभाग का कहना है कि आने वाले कुछ दिनों में राज्य के अधिकांश हिस्सों में मानसून का प्रभाव और अधिक स्पष्ट रूप से देखने को मिलेगा.

Show More

Related Articles

Back to top button