भारतलाइफ स्टाइलस्वास्थ्य

फिर लौट रहा है कोरोना काल? 4 हजार के करीब पहुंचे एक्टिव केस, केरल-महाराष्ट्र के बाद दहशत में ये राज्य

नई दिल्ली: भारत में कोरोना वायरस एक बार फिर से विकराल रूप लेता हुआ नज़र आ रहा है। देश में सक्रिय मामलों की संख्या चार हजार करीब पहुंच चुकी है। जिसने दहशत का माहौल बनाना शुरू कर दिया है। केरल और महाराष्ट्र की हालत तो दिन-ब-दिन चिंताजनक होती जा रही है। अब तो राजधानी दिल्ली में भी कोरोना के केस तेजी से बढ़ रहे हैं।

कोरोना वायरस फिर से पैर पसारता नजर आ रहा है। देश भर में कुल मामलों की संख्या 3 हजार 961 हो गई है। ताजा मामले नई लहर की ओर इशारा कर रहे हैं, लेकिन स्वास्थ्य अधिकारियों और सरकार ने आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा है। दक्षिण भारतीय राज्य केरल में कोविड-19 के सबसे ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं। इसके अलावा दिल्ली समेत कई अन्य राज्यों में भी मरीजों का ग्राफ तेजी से ऊपर जा रहा है।

किस राज्य में कितने मामले

देश में सबसे ज्यादा सक्रिय मामले केरल में 1435 हैं। उसके बाद दूसरे नंबर पर महाराष्ट्र में 506 हैं। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी 483 मामले दर्ज किए गए हैं। इसके अलावा गुजरात में 338, पश्चिम बंगाल में 331, कर्नाटक में 253, तमिलनाडु में 189, उत्तर प्रदेश में 157, राजस्थान में 69, पुडुचेरी में 38, आंध्र प्रदेश में 30, हरियाणा में 28, मध्य प्रदेश में 23 मामले हैं।

इनके अलावा गोवा में 10, झारखंड में 11, ओडिशा में 12, जम्मू-कश्मीर में नौ, छत्तीसगढ़ में सात, बिहार और असम में पांच-पांच, पंजाब में छह, सिक्किम में चार, अरुणाचल प्रदेश, उत्तराखंड और तेलंगाना में तीन-तीन, मिजोरम में दो और चंडीगढ़ में एक कोरोना के सक्रिय मामले हैं।

24 घंटे में मिले 203 मरीज

स्वास्थ्य विभाग ने जानकारी दी है कि सोमवार सुबह तक देश में 3961 सक्रिय मामले हैं। पिछले 24 घंटे में 203 मरीज मिले हैं। इस दौरान सबसे ज्यादा मरीज दिल्ली में 47 मिले हैं। जबकि, पिछले 24 घंटे में पश्चिम बंगाल में 44, केरल में 35, महाराष्ट्र में 21, गुजरात में 18, कर्नाटक में 15, उत्तर प्रदेश में 8, आंध्र प्रदेश और राजस्थान में 7 मरीज मिले हैं।

कितना तैयार हैं हम?

मीडिया रिपोर्ट्स में सरकारी सूत्रों के हवाले से कहा जा रहा है कि अधिकारी कोविड-19 की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। हालांकि, संक्रमण की गंभीरता कम है और मरीज होम आइसोलेशन में ही ठीक हो रहे हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि देश के पश्चिमी और दक्षिणी इलाकों की जीनोम सीक्वेंसिंग से पता चला है कि ओमीक्रॉन के सब-वेरिएंट की वजह से मामले बढ़ रहे हैं।

फिलहाल ओमीक्रॉन के 4 सब-वेरिएंट मिले हैं। इनमें LF.7, XFG, JN.1 और NB.1.8.1 शामिल हैं। मंत्रालय ने लोगों से अपील की है कि घबराने की जरूरत नहीं है और लोगों को भीड़भाड़ वाले इलाकों में मास्क का इस्तेमाल करने और कोरोना को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है।

Show More

Related Articles

Back to top button