Gen-Z क्रांति: संसद में आग, मंत्रीयों का इस्तीफा… संसद भवन के बाहर बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी प्रधानमंत्री के खिलाफ जोरदार नारेबाजी

काठमांडू में हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। मंगलवार सुबह से ही संसद भवन के बाहर बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी प्रधानमंत्री के खिलाफ जोरदार नारेबाजी कर रहे हैं। बढ़ते विरोध के बीच खबर है कि नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली दुबई जाने की तैयारी कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि वे इलाज के लिए दुबई रवाना हो सकते हैं और इसके लिए निजी एयरलाइन हिमालय एयरलाइंस को स्टैंडबाय पर रखा गया है।
हालांकि इसी बीच ये खबर आ रही है कि अब तक कई मंत्रियों ने इस्तीफा दे दिया है। हालात को बिगड़ते देखकर प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने आज शाम छह बजे सर्वदलीय बैठक बुलाने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात की समीक्षा और समाधान के रास्ते तलाशने के लिए वे सभी दलों से बातचीत कर रहे हैं। ओली ने जनता से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि इस चुनौतीपूर्ण समय में सभी नागरिकों से धैर्य और संयम की उम्मीद है।
नेपाल के सूचना और प्रसारण मंत्री पृथ्वी सुब्बा गुरुंग ने सोमवार को कहा कि प्रधानमंत्री ओली इस्तीफा नहीं देंगे। हालांकि, देश में गठबंधन सरकार कमजोर पड़ने के संकेत दे रही है। इस बीच, ओली ने आज शाम 6 बजे सभी पार्टियों की बैठक बुलाई है। उनका कहना है कि वह स्थिति का आकलन करने और समाधान निकालने के लिए सभी पक्षों से चर्चा कर रहे हैं।
ओली ने कहा कि उन्होंने राजधानी और देश के विभिन्न हिस्सों में हुए विरोध प्रदर्शन और उसके बाद की घटनाओं से दुख व्यक्त किया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि किसी भी तरह की हिंसा राष्ट्रहित में नहीं है और इसका हल केवल शांतिपूर्ण बातचीत और संवाद से ही संभव है।
सभी मंत्रियों का इस्तीफा
गठबंधन सरकार से नेपाली कांग्रेस ने अपने सभी मंत्रियों को इस्तीफा देने का निर्देश दिया है। इसके बाद पार्टी के वरिष्ठ नेता और उप-प्रधानमंत्री प्रकाश मान सिंह सहित आरजू राणा देउबा (विदेश मंत्री), तेजू लाल चौधरी (खेल मंत्री), अजय चौरसिया (कानून मंत्री), दीपक खड़का (ऊर्जा मंत्री), ऐन बहादुर शाही (वन मंत्री), प्रदीप पौडेल (स्वास्थ्य एवं जनसंख्या मंत्री), रामनाथ अधिकारी (कृषि मंत्री) और बद्री पांडे (पर्यटन मंत्री) ने अपने पदों से इस्तीफा सौंप दिया है।



