
भारतीय महिला टीम 5 मैचों की टी20 और 2 मैचों की वनडे सीरीज के लिए इंग्लैंड के दौरे पर है। इस दौरान टी20 सीरीज के दो मुकाबले खेले जा चुके हैं। इन दोनों मुकाबले में टीम इंडिया ने मेजबान को धूल चटाई है। दूसरा मुकाबले में टीम इंडिया के लिए अमनजोत कौर ने बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। इसके अलावा इस युवा खिलाड़ी ने गेंद से भी अपना जौहर दिखाया।
कुल मिलाकर दूसरे मुकाबले में टीम इंडिया के लिए अमनजोत कौर ने ऑलराउंड प्रदर्शन किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने इंग्लैंड के सामने 181 रन का स्कोर खड़ा किया। भारत के द्वारा दिए गए स्कोर का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम 20 ओवर में महज 157 रन पर सिमट गई। इस हिसाब से टीम इंडिया ने 24 रन से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
इंग्लैंड के खिलाफ अमनजोत कौर ने बल्लेबाजी करते हुए 63 रनों की बेहतरीन पारी खेली। इसके बाद उन्होंने इंग्लैंड के एक बल्लेबाज को अपना शिकार बनाया। गेंद और बल्ले दोनों से इस दमदार प्रदर्शन के बाद उन्होंने विराट कोहली के एक रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। अब अमनजोत भारतीय क्रिकेट में ऐसी दूसरी खिलाड़ी बन चुकी हैं, जो एक टी20I मुकाबले में बल्ले से 60 प्लस रन और एक विकेट लेने वाली गेंदबाज बनी।
इससे पहले साल 2012 में विराट कोहली ने पाकिस्तान के खिलाफ ये कारनामा किया था। उन्होंने कोलंबो के मैदान पर पाकिस्तान के खिलाफ 78 रनों की नाबाद पारी के साथ-साथ 1 विकेट भी अपने नाम किया था। फिलहाल अमनजोत ने भी ये कारनाम कर दिखाया है। अमनजोत कौर के इस प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड दिया गया।
अमनजोत कौर के अलावा जेमिमा रोड्रिग्स ने भी टीम इंडिया के लिए अर्धशतकीय पारी खेली। जेमिमा ने तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी की। इस दौरान उन्होंने 41 गेंदों का सामना करते हुए 153.66 के स्ट्राइक रेट के साथ 63 रन बनाए। उनकी इस पारी में 9 चौके और 1 छक्का शामिल रहा। वहीं, विकेटकीपर बल्लेबाज ऋचा घोष ने 32 रन की पारी खेली।



