Emmy Award विनर Loretta Swit का 87 साल की उम्र में निधन, ‘हॉट लिप्स’ के किरदार से हुई थीं घर-घर में मशहूर

मुंबई: हॉलीवुड इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद खबर आई है। मशहूर एक्ट्रेस लोरेटा स्विट, जिन्हें टीवी सीरीज MASH* में ‘हॉट लिप्स’ यानि मेजर मार्गरेट हाउलिहान के किरदार से खास पहचान मिली थी, अब इस दुनिया में नहीं रहीं। 87 साल की उम्र में उनका निधन न्यूयॉर्क सिटी स्थित उनके घर में हुआ। उनके पब्लिसिस्ट हार्लन बोल ने जानकारी दी कि यह मौत संभवतः प्राकृतिक कारणों से हुई।
दरअसल, लोरेटा स्विट का सबसे यादगार किरदार ‘MAS*H’ शो में था, जिसमें उन्होंने कोरियन वॉर के दौरान एक आर्मी हॉस्पिटल की सख्त लेकिन संवेदनशील हेड नर्स का रोल निभाया। यह शो 1972 से 1983 तक चला और अमेरिकन टेलीविजन का सबसे सफल और पसंद किया गया शो बन गया। शो के फिनाले को करीब 10 करोड़ लोगों ने देखा, जो आज भी एक रिकॉर्ड है।
दो बार जीत चुकी हैं एमी अवॉर्ड
स्विट को इस किरदार के लिए दो बार एमी अवॉर्ड मिला और 10 बार नॉमिनेट किया गया। उन्हें गोल्डन ग्लोब के लिए भी चार बार नामांकन मिला। शुरुआत में उनका किरदार एक कॉमिक रोल था, लेकिन समय के साथ उन्होंने इसे गंभीर और भावुक अंदाज में निभाया, जो दर्शकों को खूब पसंद आया।
बता दें, 4 नवंबर 1937 को न्यू जर्सी के पासैक में जन्मी लोरेटा स्विट पोलिश माता-पिता की संतान थीं। उन्होंने न्यूयॉर्क के अमेरिकन एकेडमी ऑफ ड्रामेटिक आर्ट्स से एक्टिंग की पढ़ाई की थी और 1969 में हॉलीवुड की ओर रुख किया। MAS*H से पहले वे गन्समोक, हवाई फाइव-ओ, बोनांजा और मिशन इम्पॉसिबल जैसे शोज में नजर आई थीं। ब्रॉडवे पर भी उन्होंने कई अहम रोल किए थे।
‘स्विटहार्ट’ के नाम एक्ट्रेस ने लिखी थीं किताब
लोरेटा स्विट एक्टिंग के अलावा पशु कल्याण की दिशा में भी काफी सक्रिय थीं। उन्होंने ‘स्विटहार्ट एनिमल एलायंस’ नाम से एक संस्था शुरू की थी जो जानवरों की देखभाल और संरक्षण के लिए काम करती है। उन्होंने एक किताब भी लिखी थी ‘SwitHeart’, जिसकी बिक्री से मिली पूरी कमाई जानवरों के लिए दान की गई।
स्विट ने 1983 में अभिनेता डेनिस होलाहन से शादी की थी, लेकिन 1995 में उनका तलाक हो गया। उनकी कोई संतान नहीं थी। लोरेटा स्विट की यादें न केवल उनके यादगार किरदारों के रूप में, बल्कि उनके सामाजिक कार्यों के जरिए भी हमेशा जिंदा रहेंगी।