इस सप्ताह हो सकता है चुनाव, कौन बनेगा BJP का राष्ट्रीय अध्यक्ष? PM आवास पर देर रात हुई अहम बैठक

नई दिल्ली: भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष कौन होगा इसे लेकर पार्टी में लगातार माथापच्ची चल रही है। कई दिनों से भाजपा अपना राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनने के लिए विभिन्न नामों पर चर्चा कर रही है। इसे लेकर कई बार बैठकें भी की गई हैं। बुधवार देर रात पीएम आवास पर भी इस मसले पर कई राष्ट्रीय नेताओं और पदाधिकारियों के साथ अहम बैठक की गई। चर्चा है कि इस सप्ताह में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए चुनाव की घोषणा कर दी जाएगी।
पीएम नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार देर रात पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए कई नामों पर चर्चा की गई। पीएम आवास पर हुई अहम बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव बीएल संतोष के साथ कई अन्य पदाधिकारी और नेता शामिल रहे।
बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर गहनता से विचार किया गया। आने वाले चुनावों को देखते हुए किसे यह बड़ी जिम्मेदारी सौंपी जाए ये बहुत अहम है। चर्चा है कि आने वाले दो से तीन दिनों में ही अध्यक्ष पद के चुनाव की तारीख घोषित कर दी जाएगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष के चयन के अतिरिक्त राज्य स्तर पर भी पार्टी में कुछ संगठनात्मक बदलाव किए जाने पर चर्चा की गई। जानकारी के मुताबिक बैठक में उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, कर्नाटक और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों में नए प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने को लेकर भी चर्चा हुई।
सूत्रों के मुताबिक भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया 20 अप्रैल के बाद शुरू होने की संभावना जताई जा रही है। पार्टी को मजबूती प्रदान करने वाले राष्ट्रीय अध्यक्ष के चयन को लेकर काफी सावधानी बरती जा रही है। जनवरी 2020 से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी जेपी नड्डा संभाल रहे हैं। वहीं संगठनात्मक फेरबदल से पार्टी की आगामी चुनाव रणनीति पर भी असर पड़ सकता है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद की रेस में कई नाम चर्चा में हैं। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर का नाम सबसे पहले चर्चा में आया था। इसके बाद धर्मेंद्र प्रधान को लेकर भी सियासी गलियारों में बातें हुई थीं। शिवराज सिंह चौहान को भी अध्यक्ष पद का प्रमुख दावेदार माना जा रहा है। भूपेंद्र यादव की भी चर्चा है। कहा जा रहा है कि भूपेंद्र पीएम मोदी और अमित शाह के करीबियों में शामिल हैं। ऐसे में वह भी प्रमुख दावेदार हैं। महिला कैंडिडेट की बात करें तो केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के नाम को लेकर भी सुगबुगाहट है।