डोनाल्ड ट्रंप ने UN के मंच पर आते ही हंसाया, एक-एक बात पर खूब गूंजे ठहाके

डोनाल्ड ट्रंप किसी की आलोचना करने में जरा भी नहीं हिचकते और कई बार मजाकिया अंदाज में ही तीखे तंज कस जाते हैं। वह मंगलवार को संयुक्त राष्ट्र की आम सभा को संबोधित करने पहुंचे तो उन्होंने वहां मौजूद नेताओं को जमकर हंसाया। डोनाल्ड ट्रंप ने मंच पर आते ही कहा कि मुझे बिना टेलीप्रॉम्टर के बिना बोलने में कोई दिक्कत नहीं है, मैं बुरा नहीं मान रहा। ऐसा इसलिए क्योंकि टेलीप्रॉम्पटर तो काम ही नहीं कर रहे। उनका यह कहना था कि वहां मौजूद नेता देर तक हंसते रहे और ठहाके गूंजने लगे। यह महज एक शुरुआत थी और इसके बाद अपने 56 मिनट के भाषण में डोनाल्ड ट्रंप ने ऐसे कई मौके दिए।
उन्होंने मजाक में कहा कि जो भी इस टेलीप्रॉम्प्टर को चला रहा है वह बड़ी मुसीबत में है। उन्होंने यह भी कहा कि बिना टेलीप्रॉम्प्टर के बोलना उन्हें खुशी देता है क्योंकि इससे वे दिल से बात कर सकते हैं। राष्ट्रपति ने छह साल पहले दिए गए अपने पिछले संबोधन की याद दिलाई और बताया कि उस समय दुनिया समृद्ध और शांतिपूर्ण थी। ट्रंप ने पिछली सरकार पर आरोप लगाया कि उसके 4 सालों के दौर में अराजकता की स्थिति पैदा हो गई। इससे देश बार-बार संकटों में घिर गया। उन्होंने दावा किया कि उनके प्रशासन के केवल आठ महीनों में अमेरिका दुनिया का सबसे मजबूत देश बन गया है।
ट्रंप ने कहा कि आर्थिक रूप से सबसे ताकतवर होने के साथ-साथ सीमाएं सुरक्षित हैं और सेना तथा मित्र भी सबसे मजबूत हैं। डोनाल्ड ट्रंप की और बात पर लोग खूब हंसे। उन्होंने कहा कि हम जब यहां आ रहे थे तो एस्केलेटर ही बीच में खराब हो गया। उन्होंने कहा कि मैं और फर्स्ट लेडी काफी फिट हैं तो संभल गए वरना कुछ भी हो सकता था। इस पर भी लोग हंसते रहे। डोनाल्ड ट्रंप ने यह भी कहा कि अमेरिका का यह गोल्डन पीरियड चल रहा है और यह उनकी वजह से है। उन्होंने कहा कि बीते 4 महीनों में कोई एक शख्स भी अमेरिका में अवैध तौर पर घुस नहीं सका है। इसके अलावा हमारी ग्रोथ भी बढ़ी है।
ट्रंप ने कहा कि पहले तो ओपन बॉर्डर पॉलिसी थी और लोग मनमाने तरीके से अमेरिका में आकर बसते जा रहे थे। अमेरिकी राष्ट्रपति ने दावा किया कि उनके कार्यकाल के आठ महीनों में अमेरिका में कुल ’17 ट्रिलियन डॉलर’ का निवेश सुरक्षित हुआ है। उन्होंने कहा कि बाइडेन के तो 4 सालों में अमेरिका को कुल 1 ट्रिलियन डॉलर का ही निवेश मिल पाया था।



