रोहित शर्मा की कप्तानी पर चर्चा, विराट कोहली की वापसी; AUS दौरे के लिए कैसा होगा भारतीय स्क्वॉड?

नई दिल्ली. फैंस का इंतजार खत्म होने को है, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई आज भारत के ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए स्क्वॉड का ऐलान कर सकता है। इस दौरान हर किसी की नजरें विराट कोहली और रोहित शर्मा पर टिकी है। चैंपियंस ट्रॉफी जीतने के बाद यह दोनों दिग्गज इंटरनेशनल क्रिकेट खेलते हुए नहीं दिखाई दिए हैं। टी20 वर्ल्ड कप के बाद दोनों ने क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट से संन्यास ले लिया था, वहीं आईपीएल के बीच रोहित-कोहली ने टेस्ट क्रिकेट को भी अचानक अलविदा कह दिया था। अब यह दोनों वनडे क्रिकेट में ही फैंस का मनोरंजन करते हुए नजर आएंगे। भारत का ऑस्ट्रेलिया दौरा 19 अक्टूबर से शुरू होना है, टीम इंडिया को इस टूर पर तीन मैच की वनडे सीरीज के अलावा 5 मैच की टी20 सीरीज भी खेलनी है।
रोहित शर्मा की कप्तानी पर चर्चा
ऑस्ट्रेलिया टूर के लिए टीम चुनते हुए मीटिंग में 2027 वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए रोहित शर्मा की कप्तानी पर भी चर्चा हो सकती है। क्रिकबज की एक रिपोर्ट के अनुसार, बोर्ड शनिवार को रोहित के साथ सीधे चयन बैठक में उनकी कप्तानी के भविष्य पर चर्चा करेगा। दरअसल, रोहित 38 साल के हो गए हैं, वहीं शुभमन गिल टेस्ट के बाद वनडे की कप्तानी लेने के लिए भी तैयार है।
रोहित कोहली ने पास किया फिटनेस टेस्ट
रोहित एनसीए में अपना फिटनेस टेस्ट पास कर चुके हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से सात महीने के ब्रेक के बाद, वह अपनी फिटनेस में सुधार के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। कई रिपोर्ट्स बताती हैं कि कोहली का फिटनेस टेस्ट लंदन में हुआ था, जिसमें उन्होंने आसानी से पास कर लिया।
हार्दिक पांड्या की चोट पर रहेगा ध्यान, कौन होगा ऋषभ पंत का रिप्लेसमेंट
एशिया कप 2025 फाइनल से पहले हार्दिक पांड्या चोटिल हो गए थे, वह चोट के चलते फाइनल में भी नहीं खेले थे। आगामी टी20 वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए बीसीसीआई उनका चयन ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए करेगा। वहीं ऋषभ पंत का रिप्लेसमेंट कौन होगा चयनकर्ताओं को इस पर भी माथा पच्ची करनी होगी। पंत को इंग्लैंड दौरे पर चोट लगी थी, तब से वह क्रिकेट से दूर चल रहे हैं। हालांकि केएल राहुल वनडे टीम में विकेट कीपर की भूमिका अदा करते हैं, मगर बैकअप में किसी का तो चयन करना होगा।
सूर्यकुमार यादव को मिलेगा मौका?
कुछ रिपोर्ट्स ऐसी भी आ रही हैं कि टी20 के कप्तान सूर्यकुमार यादव को फिर से वनडे टीम में चुना जा सकता है। सूर्या ने भारत के लिए आखिरी वनडे मैच 2023 वर्ल्ड के दौरान खेला था, 50 ओवर फॉर्मेट में वह अपनी छाप नहीं छोड़ पाए जिस वजह से उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया।
ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए भारत का संभावित स्क्वॉड
रोहित शर्मा (कप्तान), विराट कोहली, यशस्वी जायसवाल, शुभमन गिल, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, संजू सैमसन, रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, नीतिश कुमार रेड्डी, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, मोहम्मद सिराज, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, प्रसिद्ध कृष्णा.



