मनोरंजन

‘सरदार जी 3’ विवाद पर दिलजीत दोसांझ ने तोड़ी चुप्पी, जानें क्या बोले सिंगर

मुंबई: पंजाबी सिनेमा के सुपरस्टार दिलजीत दोसांझ की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘सरदार जी 3’ का ट्रेलर 24 जून को रिलीज किया गया। ट्रेलर आते ही जहां एक तरफ फैंस दिलजीत की एक्टिंग और दमदार स्क्रीन प्रेजेंस को देखकर बेहद खुश नजर आए, वहीं दूसरी ओर फिल्म विवादों में भी घिर गई और इसकी वजह फिल्म में पाकिस्तानी एक्ट्रेस हानिया आमिर की कास्टिंग है।

सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने हानिया की मौजूदगी पर आपत्ति जताते हुए फिल्म पर बैन लगाने की मांग कर दी। कई संगठन भी इसके खिलाफ सामने आ गए हैं। इन लोगों का कहना है कि जब भारत और पाकिस्तान के बीच इतने तनावपूर्ण हालात हैं, तब एक पाकिस्तानी कलाकार को बॉलीवुड या पंजाबी सिनेमा में काम देना सही नहीं है।

इस बीच खबर है कि बढ़ते विवाद और राजनीतिक दबाव के चलते फिल्म को भारत में रिलीज नहीं किया जाएगा। अब ‘सरदार जी 3’ केवल अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ही रिलीज की जाएगी।

इस पूरे विवाद पर अब दिलजीत दोसांझ ने पहली बार चुप्पी तोड़ी है। बीबीसी एशियन नेटवर्क को दिए इंटरव्यू में दिलजीत ने कहा कि फिल्म की शूटिंग फरवरी 2025 में पूरी हो चुकी थी, यानी कि 22 अप्रैल 2025 को हुए पहलगाम आतंकी हमले से पहले। उन्होंने कहा, “जब मैंने फिल्म साइन की, तब हालात बिल्कुल सामान्य थे। हम शूटिंग कर चुके थे। अब जो स्थिति है, वो हमारे नियंत्रण में नहीं है।”

उन्होंने फिल्म के निर्माताओं के फैसले का समर्थन करते हुए कहा, “मेकर जानते हैं कि इससे उन्हें नुकसान होगा क्योंकि भारत में फिल्म रिलीज नहीं हो रही। लेकिन जब एक पूरे क्षेत्र को हटा दिया जाता है, तो इसका असर सब पर पड़ता है। अगर अब वो फिल्म को सिर्फ इंटरनेशनल मार्केट में रिलीज करना चाहते हैं, तो मैं उनका पूरी तरह समर्थन करता हूं।”

खास बात ये है कि पहलगाम हमले में 26 लोग मारे गए थे, जिसके बाद भारत-पाक संबंध और बिगड़ गए। फिल्म संगठनों ने इस हमले के बाद पाकिस्तानी कलाकारों पर प्रतिबंध लगाने की मांग की और तब से हर ऐसे प्रोजेक्ट की जांच की जा रही है जिसमें पाकिस्तानी टैलेंट शामिल हो।

Show More

Related Articles

Back to top button