बाढ़ की आफत के बीच मगरमच्छ का आतंक, चंबल नदी में किशोर को खींच ले गया

आगरा. यूपी के आगरा में पिनाहट के थाना बासौनी क्षेत्र के गांव पुरा बरुआ में शनिवार दोपहर चंबल नदी किनारे नहाने पहुंचे एक 12 वर्षीय किशोर को मगरमच्छ खींच ले गया। इसके बाद देर शाम तक उसका कहीं पता नहीं लगा। अब रविवार को उसकी फिर से तलाश की जाएगी। जानकारी के अनुसार थाना बासौनी क्षेत्र के अंतर्गत गांव पुरा बरुआ निवासी 12 वर्षीय भानु पुत्र दीपू सिंह राजावत शनिवार दोपहर करीब 12 बजे दोस्तों के साथ चंबल नदी के किनारे नहाने के लिए गया था।

बताया गया है कि वह नदी के काफी किनारे पहुंच गया। वहां अचानक आया मगरमच्छ भानु को चंबल नदी में खींचकर ले गया। यह देख उसके दोस्तों ने शोर मचा दिया। गांव में पहुंचकर परिजनों को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही भानु के परिजन मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। परिजनों की सूचना पर पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। स्थानीय गोताखोरों द्वारा किशोर की तलाश की गई उसका कोई पता नहीं चल सका। परिजनों ने किशोर को तलाशने के लिए पीएसी के गोताखोरों की मांग की है।
रेंजर चंबल वन्य जीव विहार, कुलदीप सहाय पंकज ने जानकारी दी कि चंबल नदी का जलस्तर काफी अधिक है। बाढ़ का पानी खदारों में भर गया है। बच्चे नदी किनारे नहा रहे थे। बच्चों द्वारा बताया गया कि किशोर भानु को मगरमच्छ चंबल नदी में खींच ले गया है। वन विभाग की टीम द्वारा जाल बिछाकर व ड्रोन की मदद से किशोर की तलाश की गई। रविवार सुबह पीएसी और एसडीआरएफ टीम द्वारा किशोर की तलाश की जाएगी।
जलस्तर बढ़ा होने से तलाश में दिक्कत
अधिक बारिश के कारण चंबल नदी करीब 126 मीटर पर बह रही है। उसका जलस्तर काफी बढ़ा है। इस कारण स्थानीय गोताखोर चंबल नदी में किशोर को तलाश नहीं कर सके। अब रविवार को किशोर की तलाश की जाएगी।



