खेल जगत

क्रिकेटर श्रेयस अय्यर को सिडनी अस्पताल से मिली छुट्टी, BCCI ने जारी किया मेडिकल अपडेट

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज के दौरान चोटिल हुए भारतीय बल्लेबाज श्रेयस अय्यर की सेहत में शानदार सुधार हुआ है। बीसीसीआई ने नवीनतम मेडिकल अपडेट जारी करते हुए बताया कि उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है। हालांकि, पूरी तरह फिट होने तक वह अभी सिडनी में ही रहेंगे।भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज श्रेयस अय्यर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी वनडे मैच के दौरान चोटिल हो गए थे। श्रेयस अय्यर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में भारतीय टीम का उप-कप्तान बनाया गया था। उन्होंने एडिलेड वनडे में शानदार 61 रन बनाकर फॉर्म में होने का सबूत भी दिया था।सिडनी वनडे में फील्डिंग के दौरान श्रेयस अय्यर ने ऑस्ट्रेलियाई टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज एलेक्स कैरी का कैच लपका था। कैच लेने के दौरान वह जमीन पर गिरे और उन्हें पेट में गंभीर चोट लग गई। इस चोट के कारण उनकी तिल्ली (Spleen) में कट लग गया और आंतरिक रक्तस्राव (अंदरूनी ब्लीडिंग) होने लगा। चोट की तुरंत पहचान कर ली गई थी।चोट लगने के बाद श्रेयस को सिडनी के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां वह कुछ दिनों तक आईसीयू (ICU) में भी रहे थे। बीसीसीआई के बयान में कहा गया है कि ब्लीडिंग को पूरी तरह बंद करने के लिए उनका एक सामान्य ऑपरेशन किया गया और उचित मेडिकल मैनेजमेंट किया गया था।भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (BCCI) ने श्रेयस अय्यर की स्वास्थ्य स्थिति पर ताजा अपडेट दिया है। बीसीसीआई ने बताया कि श्रेयस अय्यर की रिकवरी शानदार तरीके से हो रही है। वर्तमान में उनकी हालत स्थिर है और वह अच्छी तरह से ठीक हो रहे हैं। उनकी रिकवरी से बीसीसीआई की मेडिकल टीम और सिडनी व भारत के विशेषज्ञ खुश हैं। इसी संतोषजनक सुधार के चलते उन्हें शनिवार (1 नवंबर) को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।अस्पताल से छुट्टी मिलने के बावजूद, श्रेयस अय्यर फिलहाल सिडनी में ही रुकेंगे। बीसीसीआई के बयान के अनुसार, वह आगे की सलाह लेने के लिए कुछ समय सिडनी में ही बिताएंगे। जब वह हवाई यात्रा के लिए फिट हो जाएंगे, तब भारत लौट आएंगे। बीसीसीआई ने श्रेयस की चोट का सर्वोत्तम उपचार सुनिश्चित करने के लिए सिडनी में डॉ. कौरूश हघीगी और उनकी टीम के साथ-साथ डॉ. दिनशॉ पारदीवाला का हार्दिक आभार व्यक्त किया है।चोट के कारण श्रेयस अय्यर के कुछ समय तक मैदान पर लौटने की उम्मीद नहीं है। उन्हें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जारी पांच मैचों की टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम में नहीं चुना गया था। अनुमान है कि वह 30 नवंबर से शुरू होने वाली दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में शायद ही खेलते नजर आएं।

Show More

Related Articles

Back to top button