रायपुर में 16 साल की नाबालिग की मिली लाश

राजधानी रायपुर में 16 साल की नाबालिग लड़की की लाश मिली है। बताया जा रहा है कि वह दो दिन पहले घर से निकली थी फिर वापस नहीं लौटी। परिवार के लोग उसकी तलाश कर रहे थे। इस बीच रिहायशी इलाके के खाली प्लाट में उसकी लाश मिली है। पुलिस की जांच में मृतका की पहचान काशीराम नगर निवासी 16 साल की नाबालिग के रूप में हुई है। युवती पार्टियों में केटरिंग का काम करती थी और दो दिन पहले ही घर से निकली थी, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटी। इसके बाद परिजन उसकी खोजबीन कर रहे थे। शनिवार दोपहर स्थानीय लोगों ने झाड़ियों के पास लाश देखी तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने फोरेंसिक टीम को बुलाकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शव की स्थिति देखकर मामला हत्या का लग रहा है। आशंका जताई जा रही है कि युवती की हत्या कर शव को सुनसान इलाके में फेंका गया है। फिलहाल पुलिस हर बिंदु पर जांच कर रही है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने युवती के परिचितों और परिवारजनों से पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही घटना के कारणों का खुलासा हो पाएगा, लेकिन शुरुआती साक्ष्यों से यह स्पष्ट है कि मामला संदिग्ध है और हत्या के एंगल से जांच जारी है।



