कम यूनिट के बिल बना खूब चला खेल, अब फुंके मीटरों से खुल रही लाखों की बिजली चोरी

कानपुर. यूपी के कानपुर में मीटर रीडरों की साठगांठ से रीडिंग स्टोर कराकर कम यूनिट का बिजली बिल बनवाने और बाद में मीटर जला दिखा नया लगवाने के खेल की परत दर परत खुल रही हैं। केस्को के मीटर टेस्टिंग विभाग के इंजीनियरों ने अब तक 7943 फुंके मीटरों की जांच की, जिसमें 417 उपभोक्ताओं के मीटर डिफेक्टिव मिले हैं। अब तक करीब छह लाख स्टोर यूनिट का लगभग 40 लाख रुपये बिजली बिल में जोड़कर वसूला जा रहा है। जिन उपभोक्ताओं ने चोरी की, उनसे अब वसूली हो रही है और जिन मीटर रीडरों ने विभाग को चूना लगाया, उनमें तीन मीटर रीडरों की सेवा समाप्त कर दी गई और दो रीडरों पर एफआईआर दर्ज कराई गई है। जब से जांच शुरू हुई है, तब से हर महीने 20 लाख की रिकवरी जमा रीडिंग से कराई जा रही है।
दहेली सुजानपुर, हैरिसगंज के सबसे ज्यादा मामले
रीडिंग स्टोर कराकर बिजली बिल में खेल करने वाले सबसे ज्यादा मामले दहेली सुजानपुर डिवीजन के आ रहे हैं। इसके बाद हैरिसगंज डिवीजन के हैं। इसके अलावा सर्वोदय नगर, पराग डेयरी, जाजमऊ और नौबस्ता समेत शहर भर के केस सामने आए हैं। केस्को के मीटर टेस्टिंग विभाग के मुताबिक इन इलाकों में रीडरों का यह रैकेट ज्यादा सक्रिय था। इसमें घरेलू और कॉमर्शियल कनेक्शनधारी ज्यादा हैं। दहेली सुजानपुर के एक उपभोक्ता के फुंके मीटर में 8505 यूनिट रीडिंग स्टोर मिली। इसमें 53 हजार रुपये का बिल जोड़कर भेजा गया। हैरिसगंज में उपभोक्ता के मीटर में 6788 यूनिट स्टोर मिली। बढ़ा बिल देखकर केस्को पहुंचने वाले उपभोक्ताओं को बताया जा रहा है, कि उन्होंने मीटर बदलाने के पहले चोरी की थी।
क्या बोले अधिकारी
मीटर टेस्टिंग केस्को के एक्सईएन मिथिलेश कुमार ने कहा कि जिन उपभोक्ताओं के मीटरों में रीडिंग स्टोर मिली, उनके बिल में यह अमाउंट जोड़कर वसूला जा रहा है। जिन रीडरों की साठगांठ मिली, उनकी सेवा समाप्ति और एफआईआर की कार्रवाई की गई है।
महीना और मीटरों में मिली स्टोर यूनिट
मार्च-2025 112450
अप्रैल-2025 176000
मई-2025 229410
जून-2025 75780



