भारतसियासी गलियारा

बिहार विधानसभा चुनाव 2025: बगहा में किसकी पार होगी नैया, रेस में कई नाम

बिहार विधानसभा चुनाव की सरगर्मी अब तेज है। दोनों गठबंधन द्वारा सीट शेयरिंग पर भी लगातार चर्चा जारी है। भाजपा में भी उम्मीदवारों के नाम पर मंथन जारी है। इस चुनाव में भाजपा कोई कसर छोड़ना नहीं चाहती, एवं अधिक से अधिक सीटों पर अपनी जीत सुनिश्चित करना चाहती है। पश्चिमी चंपारण जिले की बात करें तो यहां की 9 में 8 सीटों पर फिलहाल NDA का कब्जा है। लेकिन इस बार भाजपा के गढ़ माने जाने वाले चंपारण में उसे चुनौती मिल सकती है।

पिछली बार जिले में किसी भी ब्राह्मण उम्मीदवार को टिकट नहीं देने को लेकर नाराजगी देखने को मिली थी। जिले की बगहा सीट अभी हॉट सीट बनी हुई है। यहां से राम सिंह विधायक हैं। इस चुनाव में भाजपा इन्हें दोबारा मौका देगी यह फिलहाल तस्वीर साफ नहीं हुई है। कुछ जगहों पर नए उम्मीदवार की मांग भी तेज है। यहां बाहरी बनाम स्थानीय का मुद्दा भी गरमाने की कोशिश की जाती है।

पिछली बार की तर्ज पर राम सिंह के अलावा वर्तमान जिलाध्यक्ष अचिंत्य लला एवं पूर्व जिला अध्यक्ष भूपेंद्र तिवारी भी टिकट की रेस में हैं। इन दोनों के पास संगठनात्मक अनुभव है। भूपेंद्र नाथ तिवारी वर्तमान में कोयला मंत्रालय में हिंदी राजभाषा सलाहकार समिति के सदस्य भी हैं।

बगहा में बीते दिनों अंकित देव अर्पण का भी नाम उछला था। यह भी ब्राह्मण समाज से आते हैं और युवा हैं। हाल के दिनों में इन्होंने भी जनसंपर्क अभियान चलाया था। युवाओं में इनके नाम को लेकर चर्चा है। स्थानीय होने का लाभ भी मिल रहा है।

एक अनुमान के मुताबिक, इस सीट पर 60 हजार से अधिक ब्राह्मण वोटर्स हैं। इस चुनाव में मतदाताओं में स्थानीय बनाम बाहरी का मुद्दा भी बना हुआ है। ऐसे में क्षेत्रीय समीकरण को ध्यान में रखने की कोशिश की जा सकती है।

अगर यह सीट जेडीयू के खाते में जाती है तो वर्तमान जिलाध्यक्ष एवं एमएलसी भीष्म साहनी के नाम पर भी चर्चा हो सकती है। अगले विधानसभा चुनावों के पूर्व उनका कार्यकाल समाप्त होने वाला है, ऐसे में वे अपना स्थान सुनिश्चित करने का प्रयास कर सकते हैं। वहीं पूर्व विधायक प्रभात रंजन सिंह भी जनता के बीच जाना शुरू कर दिए हैं।

Show More

Related Articles

Back to top button