यशस्वी ने लिया DRS तो आगबबूला हो गए बेन स्टोक्स, अंपायर को ही ‘हौंक’ दिया

एजबेस्टन: भारत और इंग्लैंड के बीच सीरीज का दूसरा टेस्ट मैच एजबेस्टन में खेला जा रहा है। टीम इंडिया ने इस पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। तीसरे दिन टीम इंडिया के गेंदबाजों ने इंग्लैंड को 407 रनों पर आउट कर 180 रनों की बढ़त हासिल कर ली थी। इसके बाद दिन का खेल खत्म होने तक टीम इंडिया ने 1 विकेट खोकर 64 रन बना लिए थे।
तीसरे दिन टीम इंडिया को यशस्वी जायसवाल के रूप में एकमात्र झटका लगा। दूसरी पारी में यशस्वी 22 गेंदों पर 28 रन बनाकर आउट हो गए। वहीं, जिस गेंद पर वह आउट हुए, उस पर जायसवाल ने डीआरएस भी लिया, जिसके बाद इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स नाराज होते नजर आए। इस दौरान उन्होंने अंपायरों से बहस भी की।
आखिर क्यों नाराज हुए बेन स्टोक्स?
दरअसल, इंग्लैंड की ओर से पारी का आठवां ओवर जोश टंग फेंक रहे थे, जिसकी चौथी गेंद यशस्वी जायसवाल के पैड पर लगी। इसके बाद इंग्लैंड ने जोरदार अपील की और अंपायर ने जायसवाल को आउट करार दे दिया। हालांकि, यशस्वी ने नॉन स्ट्राइक पर खड़े केएल राहुल से बात की और डीआरएस लिया।
दरअसल किसी भी टीम को 15 सेकंड के अंदर डीआरएस लेना होता है, लेकिन यहां जायसवाल डीआरएस लेने में थोड़ा लेट हो गए, हालांकि अंपायर ने समय पर ध्यान नहीं दिया, इसलिए उन्होंने डीआरएस कॉल को स्वीकार भी कर लिया, लेकिन यह सब देखकर बेन स्टोक्स नाराज हो गए और सीधे अंपायर के पास आ गए, क्योंकि अंपायर ने समय खत्म होने के बाद भी डीआरएस दिया था।इसके बाद बेन स्टोक्स अंपायर से बहस करते नजर आए, लेकिन अंपायर ने उनकी एक नहीं सुनी। डीआरएस लेने के बाद भी यशस्वी जायसवाल अपना विकेट नहीं बचा पाए और थर्ड अंपायर ने भी उन्हें एलबीडब्लू आउट करार दिया।
भारत के पास 244 रनों की बढ़त
तीसरे दिन इंग्लैंड की पहली पारी 407 रनों पर सिमट गई। इंग्लैंड की ओर से बल्लेबाजी करते हुए जेमी स्मिथ ने सबसे ज्यादा 184 रनों की पारी खेली, इसके अलावा हैरी ब्रूक ने 158 रन बनाए। टीम इंडिया की ओर से मोहम्मद सिराज और आकाश दीप ने शानदार गेंदबाजी की।मोहम्मद सिराज ने 19.3 ओवर में 70 रन देकर सबसे ज्यादा 6 विकेट लिए। इसके अलावा आकाश दीप ने 20 ओवर में 88 रन देकर 4 विकेट लिए। तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक टीम इंडिया ने 244 रनों की बढ़त हासिल कर ली थी। फिलहाल केएल राहुल 28 और करुण नायर 7 रन बनाकर नाबाद हैं।



