
भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) ने शनिवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दो अनौपचारिक चार दिवसीय टेस्ट मैच के लिए इंडिया ए टीम की घोषणा की। बीसीसीआई ने अनुभवी बल्लेबाज श्रेयस अय्यर को इंडिया ए का कप्तान नियुक्त किया है। उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज और हाल ही में टी20 एशिया कप के लिए चुनी गई भारतीय टीम में जगह नहीं मिली थी। ऐसे में 30 वर्षीय अय्यर को कप्तानी सौंपे जाने के फैसले ने सभी को हैरान कर दिया। पूर्व भारतीय क्रिकेटर और मशहूर कमेंटेटर आकाश चोपड़ा का मानना है कि बीसीसीआई के इस फैसले में एक बड़ा संकेत एक छुपा है। उन्होंने कहा कि अय्यर आने वाले समय भारत के लिए तीन फॉर्मेट में से कम से कम दो में खेलते हुए नजर आएंगे।
आकाश ने रविवार को अपने यूट्यूब चैनल पर शेयर किए गए वीडियो में कहा, ‘श्रेयस अय्यर कप्तान बनाए गए हैं। उपकप्तान ध्रुव जुरेल हैं। पर मैं सोच रहा हूं कि अभिमन्यु ईश्वरन हुआ करते थे कप्तान। अब उनका गायब हो गया है। वह टीम के मेंबर जरूर हैं पर कप्तान-उपकप्तानी की सूची में उनका नाम नहीं है। अय्यर आ चुके हैं। अगर आप पिछले कुछ दौरे देखें तो हर दौरे पर एक नया कप्तान नजर आता है। इंडिया ए की कप्तानी अब म्यूजिकल चेयर का मामला बन गई है। अय्यर को क्यों पदोन्नत किया गया है? ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि नंबर 3 और नंबर 6 अभी भी खाली हैं। साई सुदर्शन का नाम जरूर है। वह भी इस टीम का हिस्सा हैं।”
कमेंटेटर ने कहा, “जब श्रेयस को एशिया कप के लिए नहीं चुना गया तो काफी आलोचना हुई थी। अब उनको सीधे कप्तानी थमा दी गई है। इसमें कोई शक नहीं कि श्रेयस का वनडे में खेलना पक्का है। वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका की टीमें भारत का दौरा करेंगी। इसलिए घरेलू मैदान पर ये दो सीरीज और साथ ही काफी वनडे क्रिकेट भी होने वाला है। ऐसे में आप अचानक श्रेयस अय्यर को तीन फॉर्मेट में से दो में खेलते हुए पाएंगे। वह वनडे खेलते ही हैं। मुझे लगता है कि टेस्ट में उनका नाम आ सकता है। वह जिस तरह की फॉर्म में वह हैं, जिस तरह से स्पिन खेलते हैं और जिस तरह की पिचें आपको यहां मिलेंगी, उसे देखते हुए वह ठीक रहेंगे। वह रन बनाएंगे। इसलिए उनके लिए दरवाजे काफी अच्छी तरह से खुल गए हैं।”



