अनंत अंबानी को कितनी सैलरी देगी रिलायंस इंडस्ट्रीज, हाल ही में हुआ है प्रमोशन

नई दिल्ली: देश की सबसे बड़ी प्राइवेट कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने अनंत अंबानी को एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर नियुक्त किया है। कंपनी के इस फैसले के बाद लोगों के मन में एक सवाल है कि इस पद के लिए उन्हें कितनी सैलरी और क्या-क्या सुविधाएं मिलेगी। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, रिलायंस इंडस्ट्रीय अनंत अंबानी को हर साल 10 से 20 करोड़ रुपये सैलरी के रूप में देगी। न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, उन्हें सैलरी के साथ कंपनी के मुनाफे में कमीशन, होम अलाउंस और ट्रैवलिंग समेत कई तरह की सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी के छोटे बेटे अनंत अंबानी को हाल ही में कंपनी ने एग्जीक्यूटीव डायरेक्टर नियुक्त किया था। वह 1 मई से 5 साल के लिए इस पद पर काम करेंगे। 2023 से अनंत कंपनी में नॉन एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर के तौर पर काम कर रहे थे।
2022 से एनर्जी सेक्टर की संभाल रहे थे कमान
बता दें कि अगस्त 2022 से अनंत कंपनी के एनर्जी सेक्टर की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। इसके साथ ही मार्च 2020 से जियो प्लेटफॉर्म लिमिटेड, मई 2022 से रिलायंस रिटेल वेंचर्स लिमिटेड और जून 2021 से रिलायंस न्यूज एनर्जी लिमिटेड के साथ-साथ रिलायंस न्यू सोलर एनर्जी लिमिटेड के बोर्ड मेंबर हैं। वहीं, सितंबर 2022 से रिलायंस की फिलैंथरोपिस्ट आर्म- रिलायंस फाउंडेशन के साथ बोर्ड में शामिल हैं।
इन जिम्मेदारियों को निभाएंगे अनंत अंबानी
- रिलायंस के एनर्जी सेक्टर, विशेष रूप से रिन्यूबल एनर्जी बिजनेस को बढ़ावा देना।
- साल 2035 तक रिलायंस के नेट कार्बन जीरो लक्ष्य को हासिल करना।
- सोलर, विंड और अन्य रिन्यूबल एनर्जी प्रोजेक्ट्स को बढ़ावा देना।
- वर्तमान प्रोजेक्ट्स की ग्रोथ और तय समय पर उसे पूरा करना।
- लेटेस्ट टेक्नोलॉजी और इनोवेशन के साथ कंपनी को वैश्विक एनर्जी बदलाव में लीडर बनाना।
अगली पीढ़ी को कमान सौंपने की तैयारी में मुकेश अंबानी
बढ़ती उम्र के साथ रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी अपने कारोबारी सम्राज्य को अगली जेनरेशन के हाथों में सौंपने का प्लान पिछले कई सालों से कर रहे हैं। 28 सितंबर, 2023 को अपने पिता धीरूभाई अंबानी के जन्मदिन पर उन्होंने कहा था कि रिलायंस का भविष्य आकाशा, ईशा, अनंत और उनकी पीढ़ी का है। मुझे इसमें कोई शक नहीं है कि वे जीवन में और ज्यादा हासिल करेंगे और मेरी पीढ़ी के लोगों की तुलना में कंपनी के लिए अधिक उपलब्धियां लाएंगे।



