अमित शाह 8 दिन में दूसरी बार बिहार में; बेतिया में 10 जिलों के नेताओं से संवाद, पटना में बड़ी बैठक

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार को कुमारबाग इंजीनियरिंग कॉलेज के ऑडिटोरियम में चंपारण-सारण के कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। दोपहर दो बजे वे कुमारबाग पहुंचेंगे और चार बजे निकल जाएंगे। पश्चिम चंपारण के सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने बताया कि वे पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया-बगहा, पूर्वी चंपारण के रक्सौल, ढाका, मोतिहारी, सारण के गोपालगंज, सीवान उत्तरी-दक्षणी व छपरा समेत 10 संगठन जिले के कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। इसकी तैयारी पूरी कर ली गई है।
कुमारबाग स्थित इंजीनियरिंग कॉलेज के ऑडिटोरियम में उनका कार्यक्रम है। इसमें चंपारण और सारण से भाजपा के 10 संगठनात्मक जिलों के 294 कार्यकर्ता शामिल होंगे। शाम 4 बजे वे बेतिया से पटना के लिए रवाना हो जाएंगे। गृह मंत्री के आगमन को लेकर पश्चिम चंपारण में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इंजीनियरिंग कॉलेज के खेल मैदान में हेलीपैड बनाया गया है।
ये लोग होंगे बैठक में शामिल होंगे
गृह मंत्री अमित शाह के संवाद में सांसद, राज्यसभा सदस्य, विधायक, विधान परिषद सदस्य ,पूर्व सांसद, पूर्व राज्यसभा सदस्य, पूर्व विधायक, पूर्व विधान परिषद सदस्य, जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री, क्षेत्रीय प्रभारी, क्षेत्रीय सह प्रभारी, जिला कोर कमेटी, जिला महामंत्री, विधानसभा प्रभारी, विधानसभा संयोजक, विधानसभा विस्तारक इस बैठक में शामिल होंगे।
पश्चिम चंपारण के सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने बताया कि बेतिया, बगहा, रक्सौल, ढाका, मोतिहारी, गोपालगंज, सीवान उत्तरी, सीवान दक्षिणी और छपरा समेत 10 संगठन जिले के कार्यकर्ताओं से शाह संवाद करेंगे। इसकी तैयारी पूरी कर ली गई है।
पटना में 40 नेताओं के साथ शाह की मीटिंग
बेतिया में कार्यकर्ता संवाद के बाद शुक्रवार शाम में अमित शाह पटना पहुंचेंगे। यहां भाजपा प्रदेश कार्यालय में आगामी बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर अहम बैठक होगी। इसमें बिहार चुनाव के प्रभारी बने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान भी मौजूद रहेंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने बताया कि इस बैठक में पार्टी के केंद्रीय स्तर के तथा विभिन्न राज्यों के 40 वरिष्ठ नेता भी शामिल होंगे। वहीं, बिहार के पार्टी के शीर्ष नेतागण भी मौजूद रहेंगे। बैठक में विधानसभा चुनाव की आगे की रणनीति पर बातें होंगी।



