लोकसभा चुनाव के बाद से ही INDIA गठबंधन का हिस्सा नहीं है आम आदमी पार्टीः संजय सिंह

आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने बुधवार को एक बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि उनकी पार्टी लोकसभा चुना समाप्त होने के बाद से ही इंडिया गठबंधन का हिस्सा नहीं है। बता दें कि साल 2024 का लोकसभा चुनाव आप और कांग्रेस ने INDIA गठबंधन के तहत लड़ा था। हालांकि, बाद में हरियाणा और दिल्ली विधानसभा चुनावों में दोनों ने अलग-अलग दो-दो हाथ किया था।संजय सिंह ने बुधवार को कहा कि हमने साफ कर दिया है कि INDIA गठबंधन लोकसभा चुनाव तक ही था। जहां तक संसद का सवाल है तो हम हमेशा सरकार की सभी गलत नीतियों का विरोध करते रहे हैं। हम संसद के मानसून सत्र के दौरान दिल्ली में झुग्गियों को तोड़े जाने का मुद्दा उठाएंगे। हमने आधिकारिक तौर पर कहा है कि आम आदमी पार्टी आज से भारत गठबंधन के साथ नहीं है। हमारा गठबंधन लोकसभा चुनाव के लिए था।इसके साथ ही आप सांसद ने आगे कहा कि संसद के मानसून सत्र में उनका रुख पहले की तरह कायम रहेगा। वह इस सत्र में दिल्ली में झुग्गियों के कथित विध्वंस का मुद्दा उठाएंगे। बता दें कि हाल ही में आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने दिल्ली में झुग्गियों के कथित विध्वंस को लेकर भाजपा के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार पर निशाना साधा था। केजरीवाल ने भाजपा सरकार पर गरीबों को बेघर बनाने का आरोप लगाया था।केजरीवाल ने जंतर-मंतर पर एक विरोध रैली को संबोधित करते हुए कहा कि 50°C की इतनी गर्मी में गरीबों की झुग्गियां तोड़ी जा रही हैं। सरकार आम लोगों को असहाय बना रही है। सरकार के लोग आम लोगों को सड़कों पर रहने के लिए मजबूर कर रहे हैं। गरीब आदमी अपनी झुग्गी के पास काम करता है। ऐसे में यदि झुग्गी नष्ट हो जाती है तो उनकी आजीविका भी बर्बाद हो जाती है।



