भारत

उत्तराखंड के कालसी में 30 यात्रियों से भरी बस खाई में गिरी, हादसे से मची चीख-पुकार

उत्तराखंड के देहरादून जिले से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। कालसी थाना क्षेत्र के अंतर्गत कुआनु-मीनाक रोड पर सवारियों से भरी हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम (HRTC) की एक बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। शुरुआती जानकारी के अनुसार, बस में 30 से अधिक यात्री सवार थे।

आज सुबह देहरादून स्थित मुख्य नियंत्रण कक्ष (CCR) को सूचना मिली कि कालसी क्षेत्र की दुर्गम मीनाक रोड पर एक बस भीषण दुर्घटना का शिकार हो गई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस अचानक संतुलन खो बैठी और सड़क से फिसलते हुए गहरी खाई में जा समाई। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बस के पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और ग्रामीण तुरंत राहत व बचाव कार्य में जुट गए।

दुर्घटना की गंभीरता को देखते हुए SDRF के सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन के निर्देश दिए। उनके आदेश पर चार अलग-अलग स्थानों से विशेष रेस्क्यू टीमें रवाना की गई हैं- डाकपत्थर, चकराता, मोरी और त्यूणी।

ये सभी टीमें आधुनिक रेस्क्यू उपकरणों और लाइफ सपोर्ट सिस्टम के साथ घटनास्थल की ओर रवाना हो चुकी हैं। पहाड़ी इलाका और गहरी खाई होने के कारण राहत कार्य में काफी मुश्किलें आ रही हैं।

हादसे की खबर मिलते ही देहरादून जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट हो गया है। चकराता सहित आसपास के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और अस्पतालों को आपात स्थिति के लिए तैयार रहने के निर्देश जारी किए गए हैं।

प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, बस में तय क्षमता से अधिक यात्री सवार हो सकते हैं, जिससे हताहतों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और SDRF की प्राथमिकता खाई में फंसे यात्रियों को जल्द से जल्द बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाने की है। फिलहाल मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार का माहौल है, जबकि स्थानीय ग्रामीण भी प्रशासन के साथ मिलकर राहत कार्य में सहयोग कर रहे हैं।

Show More

Related Articles

Back to top button