छत्तीसगढ़-तेलंगाना बॉर्डर पर IED ब्लास्ट में 5 जवान शहीद; मुठभेड़ में मार गिराए 10 माओवादी

रायपुर-बीजापुर. छत्तीसगढ़-तेलंगाना बॉर्डर पर एंटी नक्सल ऑपरेशन में निकले जवानों पर माओवादियों ने आईईडी ब्लास्ट कर दिया। इस अटैक में 5 जवान शहीद हो गए हैं। यह ब्लास्ट मुलुगू जिले के जंगल में नक्सलियों द्वारा किया गया है। जवाबी कार्रवाई करते हुए सुरक्षा बल के जवानों ने 10 माओवादियों को मार गिराया गया, जिसमें कई बड़े कैडर के नक्सली शामिल हैं।
जानकारी के मुताबिक तेलंगाना ग्रेहाउंड्स बल के जवान एंटी नक्सल ऑपरेशन पर निकले थे, जिसमें से कुछ जवान विस्फोट में घायल भी हुए हैं। घायल जवानों को रेस्क्यू कर अस्पताल में भर्ती किया है। विस्फोट के बाद माओवादियों की ओर से भारी गोलीबारी की गई है। पुलिस की तलाशी के दौरान माओवादियों ने बारूदी सुरंग में विस्फोट किया है। नक्सलियों को उनके मांद में डीआरजी कोबरा, सीआरपीएफ और एसटीएफ़ के बहादुर जवान मुंहतोड़ जवाब दे रहे हैं।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के आखिरी गढ़ कर्रेगुट्टा की पहाड़ियों पर जमा नक्सलियों को छत्तीसगढ़ के अलावा पड़ोसी प्रदेश तेलंगाना और आंध्रप्रदेश की ओर से सुरक्षाबलों ने घेर रखा है। इस ऑपरेशन पर दिल्ली से सीआरपीएफ के डीजी ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह नजर बनाए हुए थे। इसके अलावा छत्तीसगढ़ के एडीजी नक्सल ऑप्श विवेकानंद सिन्हा, सीआरपीएफ आईजी राकेश अग्रवाल व बस्तर आईजी पी. सुंदरराज मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
बता दें कि छत्तीसगढ़-तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और महाराष्ट्र की संयुक्त टीम नक्सलियों पर शिकंजा कसने में लगी है। छत्तीसगढ़-तेलंगाना बॉर्डर के कर्रेगुट्टा पहाड में ऑपरेशन के 16 वें दिन नक्सलियों साथ जवानों का मुठभेड़ हुई है। अब तक 30 नक्सली मारे गए गए हैं। 26 नक्सलियों के शव बरामद किए जा चुके हैं। इसी पहाड़ी में दुर्दांत नक्सली हिडमा, देवा दामोदर, सुजता जैसे बड़े कैडर के नक्सलियों के होने की सूचना पर ऑपरेशन लॉन्च किया गया है। एक दिन पहले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने डीजीपी, एडीजी नक्सल आपरेशन सहित अफसरों को बैठक भी ली थी।
उल्लेखनीय है कि पिछले सप्ताह जवानों को वायुसेना के हेलीकॉप्टर से कर्रेगुट्टा पहाड़ के नजदीक ही स्थित धोबे की पहाड़ियों पर उतारा गया था। यहीं से कर्रेगुट्टा पहाड़ जवानों के निशाने पर था। माना जा रहा है कि बड़े नक्सली लीडर इसी कर्रेगुट्टा पहाड़ी पर ही छुपे हुए हैं। इस तरह अब नक्सलियों के कब्जे वाले तीन में से दो पहाड़ियों पर जवानों का कब्जा हो गया है। जवानों ने यहां तिरंगा भी फहराया है।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि बीजापुर जिले के कर्रेगुट्टा पहाड़ी में चल रहे नक्सल विरोधी अभियान में हमारे सुरक्षाबलों ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। मुठभेड़ में अब तक 22 से अधिक नक्सलियों के मारे जाने की खबर है। लाल आतंक के विरुद्ध चल रही निर्णायक लड़ाई में हमारे वीर जवानों के अदम्य साहस, पराक्रम और बलिदान को शत-शत नमन करता हूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह ने संकल्प लिया है कि 31 मार्च 2026 तक देश को नक्सलवाद से मुक्त करना है और हम इस लक्ष्य की ओर तेजी से अग्रसर हैं।