अचानक गोल्ड-सिल्वर में आई बड़ी तेजी, फिर गिर गए भाव, जानें
अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच जारी युद्ध के कारण मिडिल ईस्ट में तनाव चरम पर पहुंच गया है। इस वैश्विक तनाव का असर दुनिया के बाजारों पर भी साफ दिखाई दे रहा है। शेयर बाजारों में जहां उतार-चढ़ाव बढ़ गया है, वहीं तेल की आपूर्ति को लेकर भी चिंता बढ़ गई है। इसी बीच सोना और चांदी की कीमतों में भी तेज हलचल देखने को मिल रही है।

मंगलवार को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर दोनों कीमती धातुओं के दाम में जबरदस्त उछाल दर्ज किया गया। चांदी की कीमत में लगभग 10,000 रुपये तक की बढ़ोतरी हुई, जबकि सोना भी करीब 2000 रुपये प्रति 10 ग्राम महंगा हो गया। इसके बाद फिर भाव में गरावट आ गई। गोल्ड करीब 450 रुपये गिरकर 162850 रुपये प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड कर रहा है वहीं चांदी करीब 1472 रुपये सस्ता होकर 276378 रुपये प्रति किलो ग्राम पर ट्रेड कर रहा है।
चांदी की कीमत में तेज उछाल
सप्ताह के दूसरे कारोबारी दिन एमसीएक्स पर कारोबार शुरू होते ही चांदी के दाम तेजी से बढ़ने लगे। सोमवार को 5 मई एक्सपायरी वाली 1 किलो चांदी 2,67,160 रुपये पर बंद हुई थी। मंगलवार को यह तेजी के साथ बढ़कर 2,76,370 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई। इस तरह एक ही दिन में चांदी करीब 9,210 रुपये प्रति किलो महंगी हो गई।
रिकॉर्ड स्तर से अब भी काफी नीचे
हालांकि इस तेज बढ़त के बावजूद चांदी अभी भी अपने रिकॉर्ड स्तर से काफी नीचे बनी हुई है। बीते 29 जनवरी को एमसीएक्स पर चांदी पहली बार 4 लाख रुपये प्रति किलो के पार पहुंची थी और 4,20,048 रुपये प्रति किलो का लाइफटाइम हाई छुआ था। मौजूदा कीमत की तुलना करें तो चांदी अभी भी अपने उच्चतम स्तर से करीब 1,43,678 रुपये प्रति किलो सस्ती है।
सोने की कीमत में भी तेजी
मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव का असर सोने की कीमतों पर भी पड़ा है। एमसीएक्स पर 2 अप्रैल एक्सपायरी वाला 10 ग्राम 24 कैरेट सोना पिछले बंद 1,60,299 रुपये से बढ़कर 1,62,388 रुपये तक पहुंच गया। यानी सोने के भाव में करीब 2,089 रुपये प्रति 10 ग्राम की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
रिकॉर्ड स्तर से कितना सस्ता सोना
सोने की कीमत भी 29 जनवरी को अपने उच्चतम स्तर पर पहुंची थी, जब एमसीएक्स पर इसका भाव 1,93,096 रुपये प्रति 10 ग्राम तक चला गया था। मौजूदा कीमत के हिसाब से सोना अभी भी अपने रिकॉर्ड स्तर से लगभग 30,708 रुपये प्रति 10 ग्राम सस्ता है।
घरेलू बाजार में भी बढ़े दाम
एमसीएक्स के अलावा घरेलू बाजार में भी सोना-चांदी की कीमतों में तेजी देखी गई। इंडियन बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) की वेबसाइट के अनुसार, सोमवार शाम को 24 कैरेट सोना 1,58,674 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था, जो मंगलवार को बढ़कर 1,60,436 रुपये हो गया।
वहीं चांदी की कीमत सोमवार को 2,60,056 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई थी और मंगलवार को 2,72,830 रुपये प्रति किलो पर खुली। हालांकि इन कीमतों में जीएसटी और मेकिंग चार्ज शामिल नहीं होते, इसलिए बाजार में वास्तविक कीमत इससे ज्यादा हो सकती है।