‘मधुमेह की रामलीला’ का राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस में चयन, बेंगलुरु में गूंजेगा रायपुर का संदेश

रायपुर। छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध फिजिशियन, समाजसेवी एवं फिल्म अभिनेता प्रो. डॉ. अजय सहाय द्वारा लिखित, निर्मित और निर्देशित संगीत नाटिका ‘मधुमेह की रामलीला’ का चयन राष्ट्रीय स्तर की डायबिटीज कॉन्फ्रेंस के लिए किया गया है। यह कॉन्फ्रेंस 19 से 22 नवंबर तक बेंगलुरु में आयोजित होगी। नाटिका के कॉन्सेप्ट क्रिएटर डॉ. राका शिवहरे हैं।

मधुमेह जैसी तेजी से फैलती बीमारी के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से इस अनूठी नाटिका की रचना की गई है। इसमें पौराणिक पात्रों और रामलीला की शैली के माध्यम से डायबिटीज से बचाव का संदेश दिया गया है। नाटिका में रावण को मधुमेह का प्रतीक बनाया गया है, जबकि विभिन्न पात्र दोहों और चौपाइयों के जरिए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा बीमारी से बचाव के उपाय बताते हैं।
इस नाटिका के देशभर में अब तक एक दर्जन से अधिक मंचन हो चुके हैं। इसका प्रसारण दूरदर्शन केंद्र से भी किया जा चुका है। सामाजिक जागरूकता के इस रचनात्मक प्रयास को दर्शकों की सराहना मिली है।
डॉ. अजय सहाय की एक अन्य प्रस्तुति ‘मधुमेह की मुगल-ए-आजम’ को भी खूब प्रशंसा मिली है। यह इंफोटेनमेंट कार्यक्रम मनोरंजन के साथ स्वास्थ्य संबंधी जानकारी देकर मधुमेह मुक्त समाज के निर्माण का संदेश देता है।
‘मधुमेह की रामलीला’ में डॉ. अजय सहाय, डॉ. राका शिवहरे, डॉ. स्मित श्रीवास्तव, डॉ. नवीन गुप्ता, डॉ. शिखा जायसवाल, पुष्पेंद्र सिंह, संगीता निषाद, तारा साहू, विक्रम जगत, जीतेंद्र निषाद, संतोष वर्मा सहित अन्य कलाकार अपनी भूमिका निभा रहे हैं। बेंगलुरु की राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस में चयन को रायपुर के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।



